मैनापुर में चला जीडीए का बुलडोजर, 28 बीघा में फैली अवैध कॉलोनी ध्वस्त

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की बड़ी कार्रवाई सोमवार को देखने को मिली। गुलधर रेलवे स्टेशन के पास गांव मैनापुर में लगभग 28 बीघा जमीन पर अवैध रूप से बसाई जा रही कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई में बाउंड्रीवाल, इंटरलॉकिंग सड़कों, कमरों और विद्युत पोलों को बुलडोजर से गिरा दिया गया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देशों पर प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने यह अभियान चलाया। अधिशासी अभियंता योगेश पटेल के नेतृत्व में सहायक अभियंता अनुज कुमार, अवर अभियंता आशीष कुमार और सतेंद्र कुमार, तथा जीडीए पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

कॉलोनी को खसरा संख्या 277, 276, 279, 282, 283 व 286 पर काटा जा रहा था। इसमें अनिल कुमार, नवीन कुमार, ओकारनाथ, लोकेश त्यागी और एस चौहान जैसे लोग शामिल बताए जा रहे हैं। जीडीए टीम के पहुंचते ही निर्माणकर्ताओं और कथित कॉलोनाइज़र ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल ने मोर्चा संभालते हुए विरोध को नियंत्रित किया और कार्रवाई पूरी की। जीडीए अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से साफ कहा कि अवैध कॉलोनियों में भूखंड की खरीद-फरोख्त न करें, अन्यथा ऐसी कॉलोनियों को बिना किसी पूर्व सूचना के ध्वस्त कर दिया जाएगा। प्राधिकरण ने यह भी चेतावनी दी कि अवैध निर्माण और कॉलोनियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।