लखनऊ में अवैध शराब कारोबार पर आबकारी विभाग का तगड़ा प्रहार

• बिना लाइसेंस बार में छापा मारकर 56 बीयर केन, विदेशी शराब बरामद, चार गिरफ्तार
• राजधानी में चल रहा विशेष अभियान, प्रचंड गर्मी में भी टीम ने नहीं रोकी कार्रवाई, अवैध शराब कारोबारियों में मचा हड़कंप

उदय भूमि संवाददाता
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबार पर कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार रात हुसडिया चौराहे पर स्थित चिक सैक कैफे एंड रेस्टोरेंट में छापेमारी कर विभाग ने अवैध रूप से परोसी जा रही विदेशी शराब और बीयर जब्त की है। यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी करुणेन्द्र सिंह की अगुवाई में की गई, जो इन दिनों राजधानी में अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध मोर्चा खोले हुए हैं। छापेमारी के दौरान टीम को मौके से 56 बीयर केन, 12 बोतल बीयर और 7 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। यही नहीं, शराब सर्व करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला पेग मेजर, बार मेन्यू और बिक्री बिल भी कब्जे में लिए गए। यह बार बिना किसी वैध लाइसेंस के संचालित किया जा रहा था और लोगों को खुलेआम शराब परोसी जा रही थी। जांच में रेस्टोरेंट के संचालक आशुतोष सिंह और अमित सिंह के अलावा कुल छह लोगों को आरोपी बनाया गया। मौके से चार अभियुक्तों आनंद श्रीवास्तव, सुशील राजपूत, कन्हैयालाल और रितेश पांडे को गिरफ्तार कर गोमतीनगर थाने में आबकारी अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।

टीम की मुस्तैदी से टली बड़ी साजिश
इस छापेमारी में आबकारी निरीक्षक विवेक सिंह और रजनीश प्रताप सिंह, प्रधान आबकारी सिपाही नंद किशोर, योगेंद्र नाथ सिंह, मनोज वर्मा, अमित कुमार और नितिन सरोज ने अहम भूमिका निभाई। टीम ने बिना किसी पूर्व सूचना के छापा मारकर अवैध गतिविधियों को बेनकाब कर दिया। कार्रवाई इतनी फुर्ती से की गई कि संचालक और ग्राहकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

अवैध शराब माफियाओं पर विभाग की कड़ी नजर
जिला आबकारी अधिकारी करुणेन्द्र सिंह ने कहा कि राजस्व को चूना लगाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।” उन्होंने साफ किया कि अवैध शराब के धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को अब बख्शा नहीं जाएगा। विभाग मुखबिर तंत्र के माध्यम से नियमित सूचनाएं एकत्र कर रहा है, और हर शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जिले में कई बार, होटल और रेस्टोरेंट बिना लाइसेंस के शराब परोस रहे हैं। ये न सिर्फ सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि सामाजिक माहौल को भी खराब कर रहे हैं। अब विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि बिना लाइसेंस शराब परोसने वाले सभी प्रतिष्ठानों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को कानूनी शिकंजे में लाया जाएगा।

कार्रवाई का असर- बार संचालकों में हड़कंप
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई के बाद राजधानी के अन्य बार और रेस्टोरेंट संचालकों में खलबली मच गई है। कई बारों में रात के समय शराब परोसना बंद कर दिया गया है और अवैध स्टॉक हटाए जा रहे हैं। आबकारी अधिकारी करुणेन्द्र सिंह और उनकी टीम राजधानी को अवैध शराब के जाल से मुक्त कराने के लिए पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ मैदान में डटी हुई है। उनकी इस कार्यशैली को हर ओर सराहना मिल रही है।