लाजपत नगर में अवैध निर्माण पर चला जीडीए का हथौड़ा, जीडीए की सख्त कार्रवाई

-उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर प्रवर्तन टीम ने ध्वस्त किया अतिरिक्त तल
-कारण बताओ नोटिस के बावजूद नहीं रुके बिल्डर, बुलडोज़र और हथौड़े से तोड़ी गई दीवारें

उदय भूमि संवाददाता
गाजि़याबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की प्रवर्तन टीम ने एक बार फिर अवैध निर्माण करने वालों को कड़ा संदेश दिया है। गुरुवार को साहिबाबाद क्षेत्र के लाजपत नगर में भूखंड संख्या ई-46/7 पर बने अवैध अतिरिक्त तल को बुलडोज़र चलाकर जमींदोज कर दिया गया। यह कार्रवाई जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के सख्त निर्देशों पर की गई। जानकारी के अनुसार, बिल्डर राजेश जैन ने जीडीए से स्वीकृत मानचित्र के विपरीत दीवारें, स्लैब और अतिरिक्त तल का निर्माण कर लिया था। यह निर्माण पूर्णत: अवैध पाया गया। जीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोज़र और हथौड़े चलवाकर निर्माण को ढहा दिया।

गौरतलब है कि जीडीए ने बिल्डर को 15 जून 2024 को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। साथ ही उसे सुनवाई का अवसर और ध्वस्तीकरण आदेश भी दिए गए थे। इसके बावजूद बिल्डर ने निर्माण जारी रखा। आखिरकार जीडीए ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई प्रवर्तन जोन-9 के प्रभारी आलोक रंजन के नेतृत्व में की गई।

इस दौरान सहायक अभियंता राजीव कुमार, अवर अभियंता राजेश कुमार शर्मा और जीडीए पुलिस बल मौजूद रहा। पूरी कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जीडीए ने साफ कर दिया है कि अवैध निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने प्रवर्तन टीम को निर्देश दिया है कि जहां भी स्वीकृत नक्शे से विपरीत निर्माण होगा, वहां तुरंत कार्रवाई की जाए।