गाजियाबाद में हम तुम रोड और बंधा रोड से नूर नगर को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण में तेजी

• जीडीए की महत्वपूर्ण बैठक में सड़क निर्माण की प्रगति की समीक्षा
• भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया जारी, भू-धारक कृषकों को मिलेगा मुआवजा
• नागरिकों से सड़क नामकरण के लिए सुझाव मांगे जाएंगे
• शहर के आधारभूत ढांचे के विकास को लेकर जीडीए की प्रतिबद्धता जारी

उदय भूमि
गाजियाबाद। हम तुम रोड और बंधा रोड से नूर नगर को जोड़ने वाली सड़क निर्माण को मिली गति, जल्द कार्य प्रारंभ होगा। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शहर के यातायात को सुगम बनाने और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने के लिए हम तुम रोड और बंधा रोड से नूर नगर को जोडऩे वाली 18 से 24 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अतुल वत्स की अध्यक्षता में शनिवार को जीडीए सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सड़क निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि टोटल स्टेशन सर्वे (टीएसएस) पूरा हो चुका है और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। भूमि स्वामियों को दो विकल्प दिए गए हैं।

भू-धारक कृषकों को भूमि मूल्य का भुगतान किया जाएगा, जबकि अन्य को कंपनसेटरी एफएआर (0.5) का विकल्प मिलेगा। इससे जीडीए पर वित्तीय भार कम होगा और निर्माण कार्य में तेजी आएगी। निर्णय लिया गया कि इस सड़क का नामकरण जनता की भागीदारी से किया जाएगा। नागरिकों से सुझाव मांगे जाएंगे, जिससे सड़क का नाम जनभावनाओं के अनुरूप तय किया जा सके। जीडीए शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और जल्द ही इस महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। जीडीए द्वारा प्रस्तावित हम तुम रोड एवं बंधा रोड से नूर नगर को जोड़ने वाली सड़क निर्माण प्रक्रिया में तेजी आएगी।

जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बताया हमारा मुख्य उद्देश्य गाजियाबाद के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना है। हम तुम रोड और बंधा रोड से नूर नगर को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस सड़क के निर्माण से न केवल नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी। सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया तेजी से जारी है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि भू-धारक कृषकों को उचित मुआवजा मिले और अन्य भूमि स्वामियों को कंपनसेटरी एफएआर (0.5) का लाभ प्रदान किया जाए, ताकि विकास कार्यों में कोई रुकावट न आए। इसके अलावा, हम चाहते हैं कि इस सड़क का नामकरण जनता की भावनाओं के अनुरूप हो। इसलिए नागरिकों से सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे, ताकि इस परियोजना को अधिक जनसहयोग और स्वीकृति प्राप्त हो सके। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण शहर के आधारभूत ढांचे को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और हम नागरिकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।