-अब महीने में कभी भी कर सकेंगी जांच, ई-रूपी वाउचर से सीधे भुगतान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गर्भवती महिलाओं के लिए खुशखबरी है। जिले में अब 78 प्राइवेट अल्ट्रासाउंड सेंटरों में नि:शुल्क जांच कराने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। डिप्टी सीएमओ डॉ. रविन्द्र कुमार ने इस संबंध में सभी सेंटरों की सूची जारी की है, जिसे अस्पतालों के साथ-साथ सीएचसी और पीएचसी में भी प्रदर्शित किया गया है। डॉ. रविन्द्र कुमार ने बताया कि ई-रूपी वाउचर के माध्यम से जांच कराने पर संबंधित केंद्र को स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित शुल्क का भुगतान स्वचालित रूप से किया जाएगा। पहले गर्भवती महिलाएं केवल महीने के चार दिन ही जांच करा सकती थीं, लेकिन अब आदेश जारी होने के बाद महीने में किसी भी दिन यह सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने चेताया कि यदि किसी केंद्र द्वारा गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड करने से मना किया गया, तो संबंधित सेंटर का लाइसेंस जब्त किया जा सकता है। इस संबंध में कोई भी हेल्पलाइन नंबर 9412539884 पर शिकायत कर सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने जिन प्राइवेट सेंटरों के साथ एमओयू साइन किया है, उनकी सूची जिला महिला अस्पताल, संजयनगर स्थित संयुक्त अस्पताल, सीएचसी लोनी, मुरादनगर, मोदीनगर, डासना और संयुक्त अस्पताल डूंडाहेडा के आसपास के केंद्रों में उपलब्ध करवा दी गई है। साहिबाबाद के कई प्राइवेट अस्पताल भी इस सूची में शामिल हैं। इसके अलावा, 53 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 100 से अधिक ग्रामीण आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के आसपास भी यह सुविधा शुरू की गई है। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत महीने की 1, 9, 16 और 24 तारीख को सबसे अधिक अल्ट्रासाउंड जांच कराई जाती है। डॉ. रविन्द्र कुमार ने बताया कि गर्भवती महिला सरकारी अस्पताल, सीएचसी या यूपीएचसी से बारकोड नंबर लेकर नजदीकी सेंटर पर जा सकती हैं। सेंटर के संचालक इसी बारकोड के माध्यम से अल्ट्रासाउंड जांच करेंगे और संबंधित केंद्र को शासन स्तर से भुगतान जारी कर दिया जाएगा। प्रसव से पहले गर्भवती महिला को कम से कम चार बार अल्ट्रासाउंड जांच कराना अनिवार्य है।
78 सेंटरों की सूची: वेद डायग्नोस्टिक से लेकर तिवारी अल्ट्रासाउंड सेंटर तक
इस सुविधा का लाभ लेने वाले केंद्रों में जिले के प्रमुख प्राइवेट सेंटर शामिल हैं, जिनमें वेद डायग्नोस्टिक सेंटर, ली क्रस्ट हॉस्पिटल वसुंधरा, एपेक्स राजनगर एक्सटेंशन, शार्प इमेजिंग संजयनगर सेक्टर-23, डासना अल्ट्रासाउंड सेंटर, आलम डायग्नोस्टिक सेंटर डासना, कल्याण डायग्नोस्टिक सेंटर कविनगर, आईटीएस सूर्या हॉस्पिटल मुरादनगर, अल्ट्रा डायग्नोस्टिक सेंटर शास्त्रीनगर, गुप्ता डायग्नोस्टिक सेंटर लोनी, धर्म अल्ट्रासाउंड सेंटर चिरौड़ी, श्याम डायग्नोस्टिक सेंटर विजयनगर, ट्रू केयर अल्ट्रासाउंड सेंटर फर्रूखनगर लोनी, मदर एंड चाइल्ड केयर सेंटर संजयनगर सेक्टर-23, इंटरनिटी हॉस्पिटल इंदिरापुरम, हाईटेक डायग्नोस्टिक सेंटर लक्ष्मीनगर लोनी आदि शामिल हैं।
साथ ही ब्रेन क्लिनिक एंड डायग्नोस्टिक सेंटर प्रताप विहार, मेहा नर्सिंग होम पटेल नगर, राज मेटरनिटी एंड सर्जिकल सेंटर अशोक नगर, तिथि हॉस्पिटल लोनी, गायत्री हॉस्पिटल लोहिया नगर, त्यागी इमेजिंग एंड डायग्नोस्टिक सेंटर सिकरोड़, जय नर्सिंग होम सेवानगर, जैनिथ मालीक्यूलर मुरादनगर, देव डायग्नोस्टिक सेंटर, हीलिंग ट्री इंदिरापुरम, ट्रिमन मेटरनिटी सेंटर शास्त्रीनगर, आरएस डायग्नोस्टिक सेंटर लोनी, मिडविन हॉस्पिटल राजनगर और होली क्रॉस हॉस्पिटल सहित जिले के अन्य प्रमुख सेंटर भी शामिल हैं।
इसके अलावा अवंतिका हॉस्पिटल नीतिखंड इंदिरापुरम, शोभा अल्ट्रासाउंड सेंटर लोनी, एसआर हॉस्पिटल खोड़ा, सुनीता सेंटर वैशाली, गेट वेल शालीमार गार्डन, शुभम सेंटर पटेलनगर, हंस डायग्नोस्टिक सेंटर, राज तान्या सेंटर, चौधरी नर्सिंग होम लोनी, पौद्दार नर्सिंग होम पटेलनगर, पल्मोनिक हॉस्पिटल राजनगर, जियो हॉस्पिटल खोड़ा, धनवंतरि हेल्थ केयर राजनगर एक्सटेंशन, कृष्णा फेमिली प्रताप विहार, यश वूमेन सेंटर आदित्य वल्र्ड सिटी, ग्लोबल डायग्नोस्टिक सेंटर विजयनगर, यूनिक अल्ट्रासाउंड सेंटर मसूरी, लासेंट मेडिकेयर कविनगर, आकांक्षा नर्सिंग होम खोड़ा, श्रेया राजेंद्रनगर, अटलांटा वसुंधरा, जेएस डायग्नोस्टिक सेंटर लोनी, उत्तम हॉस्पिटल विजयनगर, वसुंधरा हॉस्पिटल वसुंधरा, बी केयर राजेंद्रनगर, कमल हॉस्पिटल कौशांबी, बलराम मेमोरियल सेंटर सिहानी चुंगी मेरठ रोड, जगराम पॉलिक्लीनिक भोपुरा, मीनाक्षी हॉस्पिटल कौशांबी, त्यागी डायग्नोस्टिक सेंटर लोनी, मेट्रो हॉस्पिटल लोनी, गणेश हॉस्पिटल नेहरू नगर, न्यू मैक्स डायग्नोस्टिक सेंटर जीटी रोड, मैक्स डायग्नोस्टिक सेंटर बहरामपुर और तिवारी अल्ट्रासाउंड सेंटर मोदीनगर शामिल हैं।
















