उदय भूमि संवाददाता
लखनऊ। प्रदेश सरकार ने शनिवार को एक अहम प्रशासनिक निर्णय लेते हुए पांच आईएएस और चार पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में कई अधिकारियों को नई तैनाती के साथ अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे गए हैं। शासन स्तर पर किए गए इन बदलावों को प्रशासनिक मजबूती और विभागीय कार्यों में गति लाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। तबादला सूची के अनुसार, स्थानांतरणाधीन चल रहे मुख्य विकास अधिकारी चित्रकूट राजेश कुमार को अब अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, विशेष सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, विभागाध्यक्ष खाद्य प्रसंस्करण एवं निदेशक रेशम के पद पर तैनात प्रेरणा शर्मा को अब विशेष सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के साथ-साथ अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, इन्वेस्ट यूपी नियुक्त किया गया है।
इसे निवेश प्रोत्साहन के लिहाज से अहम बदलाव माना जा रहा है। इसके अलावा, विशेष सचिव कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा टी.के. शिबु को उनके वर्तमान पद के साथ विशेष सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग एवं विभागाध्यक्ष खाद्य प्रसंस्करण का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। विशेष सचिव रेशम विभाग देवेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा को भी वर्तमान पद के साथ निदेशक रेशम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, उप सचिव उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज देवी प्रसाद पाल को मुख्य विकास अधिकारी, चित्रकूट नियुक्त किया गया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उप जिलाधिकारी संभल सौरभ कुमार पांडेय को पदोन्नत करते हुए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), संभल बनाया गया है।
इसी क्रम में, उप निदेशक स्थानीय निकाय निदेशालय अजय कुमार त्रिपाठी को अपर नगर आयुक्त, शाहजहांपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपर आयुक्त कानपुर मंडल पूनम निगम को उप सचिव, लोक सेवा आयोग प्रयागराज के पद पर भेजा गया है, जबकि राजस्व परिषद से संबद्ध चल रहीं सुशीला को अपर आयुक्त, कानपुर मंडल नियुक्त किया गया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह फेरबदल विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने, विकास योजनाओं में तेजी लाने और शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से किया गया है। आने वाले दिनों में इन अधिकारियों की नई जिम्मेदारियों का असर प्रशासनिक कामकाज पर देखने को मिलेगा।
















