एक राष्ट्र-एक चुनाव के समर्थन में गूंजा गाजियाबाद, भाजपा नेताओं व समाजसेवियों की विशाल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। एक राष्ट्र-एक चुनाव की अवधारणा को समर्थन देने के लिए शनिवार को शहर की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। सामाजिक संस्था ‘मानवता की ओर एक कदम’ के तत्वाधान में भाजपा नेताओं, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक समुदाय और नागरिकों ने एकजुट होकर विशाल पदयात्रा का आयोजन किया। इस आयोजन ने न सिर्फ शहर के माहौल को जोश से भर दिया, बल्कि देशहित में सोचने का नया संदेश भी दिया। पदयात्रा की शुरुआत शाम 4 बजे घंटाघर स्थित शहीद भगत सिंह मूर्ति चौक से हुई। यह यात्रा चौपला मंदिर, दुर्गा भाभी चौक होते हुए शहीद पथ नवयुग मार्केट तक निकाली गई। इस दौरान शहर की प्रमुख सड़कों पर “एक राष्ट्र-एक चुनाव” के समर्थन में गूंजते नारों और जनसमूह की उपस्थिति ने वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इस पदयात्रा में पार्षद राजीव अग्रवाल, प्रदीप चौधरी, अशोक भारतीय, विनीत शर्मा, प्रीति चंद्रा, साक्षी नारंग, नीरज त्यागी, शैली सेठी, सिमरन रंधावा, राम त्यागी, पुष्पेंद्र गुप्ता, अरुण जैन, अरुण मित्तल, विनय सिंघल, हरेंद्र चौधरी, विक्रम सैनी, अजय चौधरी, संजय शर्मा, तनुज गंभीर, राजीव डागर, दिव्यांश भटनागर सहित कई प्रमुख नाम शामिल रहे।

भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने दिया राष्ट्रहित का संदेश
महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने इस मौके पर कहा, “यह मुद्दा किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि भारत के प्रत्येक नागरिक से जुड़ा है। अलग-अलग चुनावों से समय, संसाधनों और धन की बर्बादी होती है। एकसाथ चुनाव कराने से न केवल सुशासन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि देश का विकास भी गति पकड़ेगा।”

संस्था समन्वयक एसपी सिंह ने बताया राष्ट्र निर्माण का मार्ग
पदयात्रा का नेतृत्व कर रहे संस्था के समन्वयक सरदार एसपी सिंह ने कहा, “एक राष्ट्र-एक चुनाव कोई चुनावी रणनीति नहीं, बल्कि राष्ट्र की प्रशासनिक स्थिरता, आर्थिक मजबूती और संसाधनों की बचत का सशक्त उपाय है।” उन्होंने इसे भारत के सुनहरे भविष्य की ओर एक निर्णायक कदम बताया।

जनसमर्थन और व्यापारियों का स्वागत
पदयात्रा जब शहर के मुख्य बाजारों से गुजरी, तो नागरिकों और व्यापारियों ने मयंक गोयल, एसपी सिंह सहित सभी प्रतिभागियों का स्वागत और समर्थन किया। देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत यह दृश्य शहर में चर्चा का विषय बन गया।