ऑपरेशन सिंदूर की सफलता से दहला पाकिस्तान, भारतीय सेना ने आतंक के ठिकानों पर बरसाए कहर के गोले

-भाजपा महानगर मंत्री गुंजन शर्मा ने किया महानगर अध्यक्ष का स्वागत

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पहलगाम आतंकी हमले के बाद पूरे देश की निगाहें जिस जवाबी कार्रवाई की प्रतीक्षा में थीं, वह ऐतिहासिक क्षण मंगलवार की रात आया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके स्थित नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर उन्हें नेस्तनाबूद कर दिया। ऑपरेशन सिंदूर नामक इस संयुक्त सैन्य अभियान में थल, वायु और जल सेना ने अपने अद्भुत समन्वय और साहस का परिचय दिया। यह कार्रवाई न केवल भारत की सैन्य ताकत का प्रदर्शन है, बल्कि यह स्पष्ट संदेश भी है कि भारत अब किसी भी आतंकी हमले को चुपचाप सहन नहीं करेगा। इस अभूतपूर्व सफलता पर गाजियाबाद में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए आतिशबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार प्रकट किया। महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि भारत की ओर आंख उठाने वालों को मुंहतोड़ जवाब मिलेगा। उन्होंने कहा कि पहलगाम में पर्यटकों की हत्या के बाद देशवासियों की आंखें नम थीं, लेकिन अब उन्हें सेना की वीरता पर गर्व है।

इस अवसर पर मयंक गोयल ने एक राष्ट्र, एक चुनाव की आवश्यकता को भी रेखांकित किया और इसे देश के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। उनका कहना था कि बार-बार चुनाव होने से शासन की निरंतरता प्रभावित होती है और सरकारें दीर्घकालिक फैसले लेने में हिचकती हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तुत इस विधेयक के समर्थन में देशभर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में गठित समिति ने जहां एक ओर भारत में स्वतंत्रता के बाद हुए चुनावों की प्रणाली का अध्ययन किया, वहीं स्वीडन, जापान, बेल्जियम, जर्मनी जैसे उन देशों की चुनाव व्यवस्था का भी विश्लेषण किया जहां एक साथ चुनाव होते हैं। मयंक गोयल ने कहा कि भारत जैसे विशाल लोकतंत्र में यदि एक साथ चुनाव होते हैं, तो यह विश्व इतिहास में एक अद्वितीय अध्याय होगा।

वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक को लेकर मयंक गोयल ने विपक्षी दलों कांग्रेस, सपा और बसपा पर भी तीखा प्रहार किया और आरोप लगाया कि इन दलों ने मुस्लिम समाज को वर्षों तक केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि भाजपा मुस्लिम समाज की सच्ची हितैषी है और वक्फ संपत्तियों के सही उपयोग के लिए ही यह विधेयक लाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक वक्फ की संपत्तियों को कुछ चंद लोगों द्वारा लूटा जाता रहा है, लेकिन अब यह बंद होगा। इस अवसर पर भाजपा महानगर मंत्री गुंजन शर्मा के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बुधवार को कवि नगर स्थित लायंस क्लब में महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल का स्वागत करते हुए उन्हें समर्थन पत्र सौंपे।

इन संगठनों ने एक राष्ट्र, एक चुनाव और वक्फ संशोधन विधेयक के समर्थन में अपनी सहमति दी और सरकार के प्रयासों की सराहना की। स्वागत समारोह में ई. डब्ल्यू. टी.के अध्यक्ष निखिल शर्मा, नेफोवा के अध्यक्ष अभिषेक सिंह, सनातन शक्ति संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष केडी सुभाष, दीक्षा सोसाइटी के उपाध्यक्ष मुकेश सक्सेना, युवा उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री वसीम अली, देवभूमि उत्तरांचल समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष दीवान सिंह गोनिया और महामंत्री मनोज पंत, राष्ट्रीय व्यापार मंडल के संयोजक विनीत शर्मा नादान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा के अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी मौजूद थे जिन्होंने मयंक गोयल का स्वागत कर अपने समर्थन का संदेश दिया।