UP में शराब प्रेमियों के लिए खुशखबरी, दिसंबर में चार दिन देर रात तक खुलेंगी दुकानें

-क्रिसमस और न्यू ईयर पर आबकारी विभाग का फैसला, 24, 25, 30 और 31 दिसंबर को शराब की दुकानें रात 11 बजे तक रहेंगी खुली

उदय भूमि संवाददाता
लखनऊ। अगर आप उत्तर प्रदेश में रहते हैं और नए साल व क्रिसमस के जश्न की तैयारी कर रहे हैं, तो यह खबर आपके चेहरे पर मुस्कान जरूर ला देगी। प्रदेश सरकार के आबकारी विभाग ने शराब के शौकीनों को साल के अंत में खास राहत देते हुए दिसंबर महीने में चार दिन शराब की दुकानों के बंद होने का समय एक घंटे बढ़ा दिया है। इस फैसले के तहत अब क्रिसमस और नववर्ष के मौके पर शराब की दुकानें रात 10 बजे के बजाय रात 11 बजे तक खुली रहेंगी। आबकारी विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार 24 और 25 दिसंबर को क्रिसमस के अवसर पर तथा 30 और 31 दिसंबर को नए साल की पूर्व संध्या और नववर्ष के जश्न के मद्देनजर शराब की दुकानों को एक घंटा अतिरिक्त खोलने की अनुमति दी गई है। इस तरह पूरे दिसंबर माह में कुल चार दिन शराब प्रेमियों को देर रात तक खरीदारी करने का मौका मिलेगा। विभाग का मानना है कि इन खास मौकों पर शराब की मांग सामान्य दिनों की तुलना में कहीं अधिक होती है, ऐसे में समय सीमा बढ़ाने से उपभोक्ताओं के साथ-साथ सरकार के राजस्व को भी फायदा होगा।

प्रदेश में आमतौर पर शराब की दुकानें रात 10 बजे बंद हो जाती हैं, लेकिन त्योहारों और विशेष अवसरों पर पहले भी समय-सीमा में छूट दी जाती रही है। आबकारी विभाग के इस फैसले को नए साल के जश्न से जोड़कर देखा जा रहा है, क्योंकि इस दौरान घरों से लेकर होटल, क्लब, रेस्टोरेंट और फार्महाउस तक पार्टियों का दौर चलता है। बड़ी संख्या में लोग दोस्तों और परिवार के साथ जश्न मनाते हैं और शराब की मांग अचानक बढ़ जाती है। आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह छूट प्रदेश की समस्त फुटकर लाइसेंसी शराब की लागू होगी। वहीं प्रीमियम शराब की दुकानों को पहले से ही रात 11 बजे तक खुलने की अनुमति दी गई है, ऐसे में वहां समय में कोई अतिरिक्त बदलाव नहीं किया गया है। विभाग ने साफ किया है कि बढ़ी हुई समय-सीमा के दौरान भी सभी नियमों और शर्तों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा।

आबकारी आयुक्त डॉ. आदर्श सिंह की ओर से इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह निर्णय लोगों की मांग और त्योहारों के दौरान बढऩे वाली बिक्री को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उनका कहना है कि इससे जहां उपभोक्ताओं को सुविधा मिलेगी, वहीं सरकारी राजस्व में भी इजाफा होने की संभावना है। विभाग का उद्देश्य है कि वैध बिक्री को बढ़ावा मिले और अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। गौरतलब है कि चालू वित्तीय वर्ष में उत्तर प्रदेश सरकार ने आबकारी विभाग को 62 हजार करोड़ रुपये के राजस्व संग्रह का लक्ष्य दिया है। नवंबर तक बीते आठ महीनों में विभाग शराब और भांग की बिक्री से 35,144.11 करोड़ रुपये का राजस्व जुटा चुका है। यह आंकड़ा बताता है कि आबकारी विभाग सरकार की आय का एक बड़ा स्रोत बना हुआ है और त्योहारों के मौसम में बिक्री बढऩे से लक्ष्य हासिल करने में और मदद मिल सकती है।

इसी के साथ आबकारी विभाग अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ भी लगातार अभियान चला रहा है। पिछले महीने तक प्रदेश में अवैध शराब से जुड़े 70,017 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इस दौरान करीब 18.5 लाख लीटर अवैध शराब जब्त की गई है और 13,243 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से 2,464 आरोपियों को जेल भेजा गया है। विभाग का कहना है कि वैध दुकानों को तय समय तक खोलने से अवैध शराब की मांग में भी कमी आती है। नए साल के जश्न को लेकर प्रदेशभर में तैयारियां जोरों पर हैं। होटल, क्लब और पार्टी स्थलों पर विशेष आयोजन की योजनाएं बनाई जा रही हैं। ऐसे में शराब की दुकानों के लिए समय बढ़ाने का यह फैसला उपभोक्ताओं के लिए राहत और आबकारी विभाग के लिए मुनाफे का सौदा माना जा रहा है। कुल मिलाकर, दिसंबर के आखिरी दिनों में यूपी के शराब प्रेमियों को सरकार की ओर से यह दोहरा तोहफा नए साल के जश्न को और रंगीन बनाने वाला साबित हो सकता है।

करुणेन्द्र सिंह, जिला आबकारी अधिकारी, लखनऊ

आबकारी विभाग ने त्योहारों और साल के अंत में शराब प्रेमियों को राहत देने के लिए यह निर्णय लिया है। लखनऊ में निर्धारित चार दिनों के लिए समय बढ़ा दिया गया है। इसके बावजूद हम दुकानों पर नियमों का पालन सुनिश्चित करेंगे और अवैध बिक्री रोकने के लिए लगातार अभियान चलाएंगे। साथ ही अवैध शराब की बिक्री को रोकने के लिए सभी टीमों को अलर्ट कर दिया गया है।
करुणेन्द्र सिंह
जिला आबकारी अधिकारी
लखनऊ।

विजय कुमार शुक्ला
जिला आबकारी अधिकारी
बलिया।

बलिया जिले में भी आबकारी विभाग क्रिसमस और नववर्ष के मौके पर शराब की दुकानों के खुलने का समय रात 11 बजे तक बढ़ा रहा है। इस फैसले से उपभोक्ताओं को सुविधा मिलेगी। साथ ही, हम अवैध शराब की तस्करी और निर्माण पर कड़ी नजर रखेंगे और कानून का पालन सुनिश्चित करेंगे। जिले में अवैध शराब के खिलाफ विभाग की टीमें लगातार दबिश एवं चेकिंग अभियान चला रही है।
विजय कुमार शुक्ला
जिला आबकारी अधिकारी
बलिया  

संजय कुमार प्रथम
जिला आबकारी अधिकारी

क्रिसमस और नववर्ष के अवसर पर शराब की दुकानों के खुलने का समय बढ़ाना ग्राहकों और व्यापारियों दोनों के लिए सहायक रहेगा। गाजियाबाद में आबकारी विभाग ने सभी फुटकर लाइसेंसी शराब की दुकानों को रात 11 बजे तक खुला रखने का निर्देश दिया है। इससे उपभोक्ताओं को सुविधा मिलेगी और वैध बिक्री बढ़ाने में मदद होगी। हम इसके साथ ही अवैध शराब की रोकथाम के लिए सतर्क भी रहेंगे। साथ ही दिल्ली बोर्डर पर भी आबकारी विभाग की टीम ने अपनी चेकिंग बढ़ा दी है।
संजय कुमार प्रथम
जिला आबकारी अधिकारी
गाजियाबाद।

सुबोध कुमार श्रीवास्तव
जिला आबकारी अधिकारी
गौतमबुद्ध नगर

प्रदेश सरकार के आदेश के अनुसार 24, 25, 30 और 31 दिसंबर को शराब की दुकानों को रात 11 बजे तक खुला रखने की अनुमति दी गई है। गौतमबुद्ध नगर में भी इस दौरान दुकानों की निगरानी कड़ी रहेगी। हमारा उद्देश्य है कि जनता को सुविधा मिले और अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगे। दिल्ली एवं हरियाणा शराब की तस्करी को रोकने के लिए टीमें दिन-रात संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही है। साथ ही तस्करों के ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है।
सुबोध कुमार श्रीवास्तव
जिला आबकारी अधिकारी
गौतमबुद्ध नगर।

हिम्मत सिंह
जिला आबकारी अधिकारी

रामपुर जिले में भी क्रिसमस और नववर्ष के अवसर पर शराब की दुकानों को रात 11 बजे तक खुला रखने की अनुमति दी गई है। इस फैसले का उद्देश्य है कि शराब प्रेमियों को सुविधा मिले और त्योहारों के दौरान वैध बिक्री बढ़े। साथ ही, हम अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर कड़ी निगरानी रखेंगे और नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करेंगे।
हिम्मत सिंह
जिला आबकारी अधिकारी
रामपुर।