-राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को मिलेगा गेहूं और चावल
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद के राशनकार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर है। अगस्त माह के सापेक्ष खाद्यान्न का अग्रिम और निशुल्क वितरण 20 जुलाई 2025 से 10 अगस्त 2025 तक किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत अंत्योदय और पात्रगृहस्थी श्रेणी के कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा में गेहूं और चावल उपलब्ध कराया जाएगा। अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 14 किलोग्राम गेहूं और 21 किलोग्राम चावल जबकि पात्रगृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट दो किलोग्राम गेहूं और तीन किलोग्राम चावल मिलेगा। जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि राशन वितरण सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक किया जाएगा। वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रत्येक उचित दर विक्रेता को निर्देशित किया गया है कि वह कार्डधारकों को टोकन उपलब्ध कराए और राशन वितरण केवल ई-पॉस मशीन और मोबाइल ओटीपी सत्यापन के माध्यम से ही किया जाए।
वितरण की अंतिम तिथि 10 अगस्त निर्धारित की गई है और इसी दिन तक ओटीपी आधारित वितरण भी मान्य रहेगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक वितरण केंद्र पर संबंधित नोडल अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। खाद्यान्न वितरण पर नजर रखने और शिकायतों के तत्काल निस्तारण हेतु अधिकारियों की टीमें सतत भ्रमणशील रहेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी तरह की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और यदि कार्डधारकों को किसी प्रकार की असुविधा होती है तो वे तत्काल संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त जिला पूर्ति कार्यालय के दूरभाष नंबर 0120-3761964 पर भी कार्यालय समय में संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि राशन वितरण केंद्रों पर पहले से ही सूचना पट्ट चस्पा किया जाना अनिवार्य है, जिससे किसी भी प्रकार की भ्रांति न फैले और कार्डधारक तय तिथि और समय पर अपना खाद्यान्न प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि पोर्टबिलिटी के अंतर्गत राशन केवल उन्हीं उचित दर विक्रेताओं से प्राप्त किया जा सकेगा जिनके पास स्टॉक उपलब्ध होगा। खबर के अंत में पूर्ति अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वितरण प्रक्रिया में अपेक्षित सहयोग करें, संयम बनाए रखें और सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति इस योजना के लाभ से वंचित न रह जाए। प्रशासन की ओर से हरसंभव प्रयास किया जा रहा है कि वितरण समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से हो।
वितरण के दौरान रहेगी अधिकारी की निगरानी, कार्डधारक रहें निश्चिंत
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि “हर वितरण केंद्र पर संबंधित क्षेत्र के नोडल अधिकारी/पूर्ति निरीक्षक की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है। वितरण के दौरान कोई भी अनियमितता पाई जाती है तो तत्काल कार्रवाई होगी।” उन्होंने यह भी कहा कि डीलरों को निर्देशित किया गया है कि वे दुकान पर स्पष्ट सूचना चस्पा करें ताकि भ्रम की स्थिति न उत्पन्न हो।
पोर्टबिलिटी की सुविधा भी रहेगी उपलब्ध -स्टॉक की सीमा तक
कार्डधारक चाहें तो किसी भी स्टॉक उपलब्ध उचित दर विक्रेता से राशन प्राप्त कर सकते हैं, बशर्ते कि वह डीलर पोर्टबिलिटी विकल्प में शामिल हो और उसके पास पर्याप्त राशन उपलब्ध हो।
समस्या होने पर करें सीधे शिकायत, हर तहसील के अधिकारी तैयार
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि यदि किसी कार्डधारक को कोई भी असुविधा होती है तो वह तुरंत संबंधित अधिकारी से संपर्क करे या जिला पूर्ति कार्यालय में कॉल करे।
• मोदीनगर: विनोद भारती – 9528871403
• लोनी: आनंद प्रभु सिंह – 8126491720
• सदर: विशाल यादव – 7906871761
• नगर क्षेत्र प्रथम: सत्यप्रकाश मालवीय – 8010287829
• नगर क्षेत्र द्वितीय: प्रियंका राय – 8800453645
• ट्रांस हिंडन: नूर फातिमा – 8081205222
• खोड़ा: दिव्या जिंदल – 8860369093
• जिला पूर्ति कार्यालय: 0120-3761964
















