पासपोर्ट बनवाने वालों के लिए खुशखबरी: 7 और 14 जून शनिवार को भी खुलेगा पासपोर्ट सेवा केंद्र

-विशेष अभियान के तहत बढ़ाई गई आवेदन क्षमता, अप्वाइंटमेंट की लंबी प्रतीक्षा से मिलेगी राहत

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद मेंं पासपोर्ट बनवाने की योजना बना रहे नागरिकों को अब अप्वाइंटमेंट के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। विदेश मंत्रालय के निर्देश पर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय द्वारा एक विशेष अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत साहिबाबाद स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र 7 जून और 14 जून को शनिवार के दिन भी खुलेगा। यह कदम गर्मियों की छुट्टियों में पासपोर्ट की बढ़ती मांग को देखते हुए उठाया गया है, ताकि नागरिकों को बिना किसी असुविधा के समय पर पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को पासपोर्ट संबंधी सेवाएं समयबद्ध और सरल रूप से उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस विशेष अभियान के अंतर्गत शनिवार को भी सामान्य और तत्काल दोनों श्रेणियों के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। हर दिन 500 तत्काल और 700 सामान्य श्रेणी के पासपोर्ट आवेदन प्रोसेस किए जाएंगे।

इससे बड़ी संख्या में लोगों को अप्वाइंटमेंट मिल सकेगा, जो सामान्य दिनों में स्लॉट न मिलने की समस्या से जूझते हैं। पासपोर्ट अधिकारी ने बताया कि यह पहल विशेष रूप से उन लोगों के लिए फायदेमंद होगी जो गर्मियों की छुट्टियों में विदेश यात्रा या पढ़ाई के लिए पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं। आवेदन करने वाले नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते स्लॉट बुक करें और सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। बिना अप्वाइंटमेंट के आवेदकों को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इस अभियान के तहत पासपोर्ट सेवा केंद्र में कार्यप्रणाली को पूरी तरह व्यवस्थित और पारदर्शी रखा गया है ताकि किसी को भी अनावश्यक परेशानी न हो।

अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि दस्तावेजों में कोई त्रुटि या कमी मिलने पर आवेदन अस्वीकार किया जा सकता है, इसलिए आवेदन से पहले सभी कागजातों की अच्छी तरह जांच कर लें। पासपोर्ट विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं और पासपोर्ट बनवाने में किसी प्रकार की देरी से बचें। यह अभियान न केवल पासपोर्ट सेवाओं को सुगम बनाएगा, बल्कि अप्वाइंटमेंट के बोझ को भी कम करेगा। सरकार की यह पहल नागरिक सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।