-राया हेरिटेज सिटी का रास्ता साफ मथुरा व अलीगढ़ क्षेत्र में सुनियोजित विकास की ओर कदम बढ़ेंगे
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। प्रदेश सरकार ने यमुना प्राधिकरण के फेज-2 के मास्टर प्लान पर मुहर लगा दी। अब राया हेरिटेज सिटी का रास्ता साफ हो गया है। यहां पर विकास कार्य तेज होंगे। साथ ही मथुरा व अलीगढ़ क्षेत्र में सुनियोजित विकास की ओर कदम बढ़ेंगे। फेज-2 में चार जिलों के 923 गांवों को शामिल किया गया है। अब यमुना प्राधिकरण फेज-2 के विकास के लिए तेजी से काम करेगा।
यमुना प्राधिकरण ने फेज-2 के मास्टर प्लान के लिए प्रदेश सरकार में प्रस्ताव भेजा था। प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास ने इस पर मुहर ला दी। साथ ही प्राधिकरण को पत्र भेज दिया है। फेज-2 के मास्टर प्लान को शर्तों के साथ पास कर दिया है। फेज-2 में टप्पल अर्बन एरिया 11104 हेक्टेयर, राया अर्बन एरिया 11653.76 हेक्टेयर और आगरा अर्बन एरिया 12200 हेक्टेयर में है। दूसरे फेज में चार जिलों के 923 गांवों को शामिल किया गया है। इसमें अलीगढ़ के 92 गांव, हाथरस के 358, मथुरा के 415 और आगरा के 58 गांव शामिल हैं। अब इस इलाके में सुनियोजित विकास की रफ्तार तेज होगी। यमुना प्राधिकरण काफी दिनों से इस मास्टर प्लान के पास होने की राह देख रहा था। अब यहां जमीन अधिग्रहण करके काम शुरू किया जा सकेगा।
बढ़ गया यमुना प्राधिकरण का क्षेत्र
यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे राया के आसपास यह नया शहर बसाया जाएगा। यहां की हेरिटेज सिटी पर भी काम होना है। शासन से मंजूरी के बाद अब विकास का खाका तैयार कर जमीन अधिग्रहण सहित अन्य प्रक्रियाएं शुरू की जाएंगी। मास्टरप्लान फेज-2 को मंजूरी मिलने से यमुना प्राधिकरण का एरिया यमुना एक्सप्रेसवे के राइट साइट में बरेली मथुरा मार्ग तक पहुंच गया है। राया अर्बन सेंटर यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे राइट एवं लेफ्ट साइट में तीन- तीन किलो मीटर में बसाए जाने की योजना है। नया शहर बसाए जाने पर राया समेत आसपास के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। यह शहर राया हैरिटेज सिटी से अलग बसाया जाएगा।
इस तरह से मूर्त रूप लेगी हेरिटेज सिटी
यमुना प्राधिरकरण यमुना एक्सप्रेसवे के 101 किमी प्वाइंट से 6.9 किमी लंबा मार्ग बनाकर उसके दोनों ओर हेरिटेज सिटी बसाएगा। अब एनएच 44 से बांके बिहारी मंदिर तक यमुना एक्सप्रेस वे को जोड़ते हुए बनने वाले मार्ग के दोनों ओर 753 हेक्टेयर में हेरिटेज सिटी बसाने पर शासन की मुहर लग चुकी है। पीपीपी माडल पर यह विकसित होगी।
हेरिटेज सिटी में थीम आधारिक हेरिटेज पार्क 350 एकड़ में होगा। योग एवं वेलनेस सेंटर, प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र 103 एकड़ में विकसित किया जाएगा। 97 एकड़ में हरित क्षेत्र, 46 एकड़ में पर्यटक परिवहन सुविधाएं, 42 एकड़ में कंवेंशन सेंटर, 35 एकड़ में आयुर्वेद केंद्र, 26.60 एकड़ में होटल, 19.60 एकड़ में बजट होटल, 10 एकड़ वृद्धाश्रम, 7 एकड़ में सर्विस अपार्टमेंट और 6 एकड़ में हाट, दुकान विकसित की जाएगी।
लॉजिस्टिक पार्क को गति मिलेगी
टप्पल में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नजदीक लॉजिस्टिक पार्क विकसित होगा। इसके लिए लॉजिस्टिक एवं वेयरहाउसिंग के लिए नए सेक्टरों को नियोजित किया गया है। प्राधिकरण ने फेज दो मास्टर प्लान में टप्पल में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कराई थी। पार्क विकसित करने लिए 205 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण की तैयारी हो गई है। नोएडा एयरपोर्ट के चलते यह पार्क काफी अहम माना जा रहा है।
फेज-2 के अर्बन सेंटर
अर्बन सेंटर का नाम क्षेत्रफल
टप्पल अर्बन एरिया 11104 हेक्टेयर
राया अर्बन एरिया 11653.76 हेक्टेयर
आगरा अर्बन एरिया 12200 हेक्टेयर
किस जिले के कितने गांव
जिले का नाम गांवों की संख्या
अलीगढ़ 92
हाथरस 358
मथुरा 415
आगरा 58

सीईओ
यमुना प्राधिकरण।
प्रदेश सरकार ने यमुना प्राधिकरण के फेज-2 के मास्टर प्लान पर मुहर लगा दी है। अब राया हेरिटेज सिटी का रास्ता साफ हो गया है। मथुरा, हाथरस व अलीगढ़ क्षेत्र में सुनियोजित विकास की ओर कदम तेजी से बढ़ेंगे।
डॉ अरुणवीर सिंह, सीईओ यमुना प्राधिकरण