हरलाल स्कूल ऑफ लॉ में नवप्रवेशी छात्रों का भव्य स्वागत: ‘आगाज’ ने उत्साह, रचनात्मकता और सांस्कृतिक रंगों से भरे माहौल को किया जीवंत

-गणेश वंदना और सरस्वती वंदना से शुरू हुआ कार्यक्रम, छात्रों ने प्रस्तुतियों से दिखाई अद्भुत प्रतिभा
-मुख्य अतिथियों ने नवप्रवेशियों को उज्ज्वल भविष्य और अनुशासन के महत्व पर दिया मार्गदर्शन
-नृत्य, गायन, रैंप वॉक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभागार को उत्सव का केंद्र बना दिया
-विभिन्न श्रेणियों में छात्रों का चयन, बीए एलएलबी और एलएलबी वर्ग में हुए विजेताओं का सम्मान

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। हरलाल स्कूल ऑफ लॉ, एचआईएमटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने बीए एलएलबी और एलएलबी के नवप्रवेशी छात्रों का स्वागत भव्य फ्रेशर्स पार्टी ‘आगाज’ के माध्यम से किया। यह आयोजन न केवल एक स्वागत समारोह था, बल्कि छात्रों के लिए उत्साह, रचनात्मकता और सांस्कृतिक ऊर्जा से परिपूर्ण एक प्रेरणादायक अनुभव बन गया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना पर मोहक नृत्य प्रस्तुति से हुई, जिसने पूरे सभागार को आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण से भर दिया। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन कर मां सरस्वती की आराधना की गई, और सरस्वती वंदना की भक्तिमय प्रस्तुति ने पूरे आयोजन में गरिमा और पवित्रता का संचार किया। विधि विभाग के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अमित सिंह ने स्वागत भाषण में नवप्रवेशी छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी और कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को विधि के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए समर्पण, अनुशासन और मेहनत की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर चेयरमैन एच.एस. बंसल, सचिव अनिल बंसल, संयुक्त सचिव अनमोल बंसल, ग्रुप डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) सुधीर कुमार और कार्यकारी निदेशक डॉ. विक्रांत चौधरी का भी आयोजन में विशेष अभिनंदन किया गया।

सभी अतिथियों ने छात्रों की रचनात्मकता, अनुशासन और ऊर्जा की खुले दिल से प्रशंसा की। कार्यक्रम में नवप्रवेशियों ने नृत्य, गायन, एकल व समूह प्रस्तुतियों, फैशन रैंप वॉक और विभिन्न सांस्कृतिक प्रदर्शनों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। सभागार में उपस्थित दर्शकों ने हर प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया और तालियों की गडग़ड़ाहट से पूरे हॉल में उत्साह का माहौल बना रहा। चेयरमैन, एच.एस. बंसल ने कहा कि हरलाल स्कूल ऑफ लॉ में नवप्रवेशी छात्रों का स्वागत ‘आगाज़’ जैसे भव्य आयोजन के माध्यम से करना हमारे लिए गर्व की बात है। यह केवल एक स्वागत समारोह नहीं, बल्कि छात्रों के व्यक्तित्व और रचनात्मक प्रतिभा को विकसित करने का अवसर है।

हमारी कामना है कि सभी छात्र अनुशासन, समर्पण और उत्साह के साथ अपने भविष्य की दिशा में निरंतर अग्रसर हों और विधि क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करें। सचिव, अनिल बंसल ने बताया छात्रों के लिए ‘आगाज’ आयोजन का उद्देश्य उन्हें सिर्फ स्वागत करना ही नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम वर्क को बढ़ावा देना भी है। यह समारोह छात्रों में सकारात्मक ऊर्जा और नई प्रेरणा का संचार करता है। हम चाहते हैं कि हमारे सभी छात्र शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व और नैतिक मूल्यों को अपनाकर समाज में योगदान दें।

निर्णायक मंडल ने विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं का चयन किया। बीए एलएलबी वर्ग में मिस्टर फ्रेशर का खिताब वेदांश चतुर्वेदी और मिस फ्रेशर का खिताब साक्षी को दिया गया। वहीं एलएलबी वर्ग में मिस्टर फ्रेशर भारत शर्मा और मिस फ्रेशर अनामिका के नाम घोषित हुए। मुख्य अतिथियों ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए उन्हें सकारात्मक सोच, आत्म-अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण छात्राओं और छात्रों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक रचनाएं रही, जिनमें वे अपनी कला और प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन कर सके। छात्रों ने इस अवसर का भरपूर लाभ उठाते हुए उत्सव का आनंद लिया और अपने सहपाठियों के साथ सहयोग की भावना का परिचय दिया।

‘आगाज’ न केवल एक स्वागत समारोह रहा, बल्कि यह एचआईएमटी परिवार के लिए एक ऐसा प्रेरणादायक मंच बन गया, जिसने नवप्रवेशी छात्रों के मन में नई ऊर्जा, नए सपनों और नए संकल्पों की भावना पैदा की। शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों और विद्यार्थियों के सहयोग से यह आयोजन स्मरणीय और सफल साबित हुआ। अंतत:, इस भव्य समारोह ने यह संदेश दिया कि शैक्षणिक संस्थान केवल शिक्षा का केंद्र नहीं होते, बल्कि ये ऐसे मंच भी हैं जो छात्रों में रचनात्मकता, टीम वर्क, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सहभागिता की भावना को विकसित करते हैं। ‘आगाज़’ ने नवप्रवेशी छात्रों को एक नई शुरुआत का अवसर प्रदान किया और उन्हें अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।