-हरियाणा से दिल्ली तक अवैध शराब तस्करी पर आबकारी की नकेल, दो तस्कर गिरफ्तार
-अवैध शराब की खेप हरियाणा से दिल्ली के रास्ते गाजियाबाद में लेकर आते थे तस्कर
-माही वाटिका और टीला शाहबाजपुर में गोदामों से बरामद हुई 4 लाख कि 123 पेटी अवैध शराब
-दिल्ली-एनसीआर में ऑन-डिमांड होती थी शराब की सप्लाई, विभाग ने बढ़ाई निगरानी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। जिले के मुख्य आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने स्वयं अभियान का नेतृत्व करते हुए शराब तस्करों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। विभाग की टीम ने दिल्ली और हरियाणा से हो रही शराब तस्करी पर नजर रखते हुए विशेष छापेमारी अभियान शुरू किया है। सूचना तंत्र और मुखबिर नेटवर्क के माध्यम से तस्करों के अड्डों और गोदामों की लगातार निगरानी की जा रही है। इस अभियान के तहत विभाग ने अब तक कई तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त किया है। मंगलवार देर रात आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली कि हरियाणा से लाकर लाई जा रही शराब को माही वाटिका, ग्राम-टीला शाहबाजपुर में स्थित एक गोदाम में छिपाया गया है और वहीं से दिल्ली में ऑन-डिमांड सप्लाई की जा रही है। सूचना मिलते ही जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने टीम को अलर्ट किया और मौके पर तुरंत दबिश देने का आदेश दिया।
आबकारी निरीक्षक अनुज वर्मा, मनोज शर्मा, डॉ. राकेश त्रिपाठी, अखिलेश कुमार और प्रवर्तन मेरठ के इंस्पेक्टर शरद व राजेश के साथ संजय कुमार प्रथम ने रात में गुप्त निगरानी के दौरान कार्रवाई को अंजाम दिया। काफी देर तक टीम ने इंतजार किया, जिसके बाद एक क्रेटा कार मौके पर आई और दो स्कूटी सवार युवकों ने कार से शराब की पेटियां उतारना शुरू किया। जैसे ही यह प्रक्रिया शुरू हुई, टीम ने तुरंत घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ लिया। वहीं, गाड़ी चालक और एक अन्य स्कूटी सवार मौके से फरार होने में सफल रहे। पकड़े गए तस्करों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि हरियाणा से लाई गई शराब को दिनेश पुत्र मोर मुकुट के गोदाम में छिपाया जाता था। गोदाम से शराब की बरामदगी के बाद यह स्पष्ट हुआ कि तस्कर दिल्ली में इसे सप्लाई कर रहे थे। मौके पर तलाशी के दौरान 53 पेटी शराब बरामद की गई। कुल मिलाकर आबकारी टीम ने इस कार्रवाई में 123 पेटी हरियाणा मार्का शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई जा रही है।
जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया कि पकड़े गए तस्कर हिमांशु कुमार और शिवा के खिलाफ थाना लोनी बार्डर में आबकारी अधिनियम की धारा 63/72 और बी.एन.एस. की धारा 111 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मौके से बरामद शराब, गाड़ी और दो स्कूटी को भी जब्त किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। वहीं, फरार हुए आरोपी आकाश और एक अन्य स्कूटी चालक की तलाश जारी है। आबकारी विभाग ने बताया कि हरियाणा और अन्य राज्यों से हो रही शराब तस्करी पर पूरी नजर रखी जा रही है। दिल्ली-एनसीआर में ऑन-डिमांड शराब सप्लाई को रोकने के लिए विभाग ने सीमा से जुड़े सभी मार्गों पर कड़ी निगरानी बढ़ा दी है। विभाग का मुखबिर तंत्र भी पूरी तरह सक्रिय है और तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के हर कदम में सतर्कता बरती जा रही है। मुख्य आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम की सक्रियता और टीम की तत्परता ने तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की गति बढ़ा दी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ किसी भी हालत में समझौता नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि अवैध शराब तस्करी रोकने के लिए विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ इस कार्रवाई ने जिले में स्पष्ट संदेश भेजा है कि आबकारी विभाग शराब तस्करों के खिलाफ पूरी तरह सक्रिय है। संजय कुमार प्रथम की नेतृत्व क्षमता और टीम की तत्परता ने तस्करों के नेटवर्क को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक की गई कार्रवाई से न केवल शराब तस्करी पर अंकुश लगा है, बल्कि अन्य तस्करों के लिए चेतावनी भी बन गई है। आबकारी विभाग की यह कार्रवाई एक उदाहरण है कि कैसे समर्पित अधिकारियों और सक्रिय सूचना तंत्र के माध्यम से अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा सकती है। विभाग का कहना है कि आने वाले समय में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले और आसपास के क्षेत्रों में शराब तस्करी पूरी तरह समाप्त हो सके।
















