धोखाधड़ी में फंसी हरियाणवी डांसर सपना चौधरी

दिल्ली पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच शुरू

चंडीगढ़। हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है। निजी कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। आरोप है कि कंपनी के साथ एग्रीमेंट करने के बाद सपना ने जरूरी शर्तों का पालन नहीं किया। इसके अलावा कंपनी के क्लाइंट्स को भी तोड़ा। पुलिस ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने डांसर सपना चौधरी के विरूद्ध धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की है। शिकायत कर्ता कंपनी का आरोप है कि सपना ने न सिर्फ एग्रीमेंट की शर्तों का उल्लंघन किया बल्कि एक कर्मचारी के साथ कथित तौर पर साठ-गांठ कर कंपनी के क्लाइंटस को भी तोड़ लिया। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा जल्द सपना चौधरी को पूछताछ के लिए तलब कर सकती है। पुलिस का कहना है कि एफआईआर में सपना के अलावा कुछ अन्य को भी नामजद कराया गया है। पुलिस ने विवेचना आरंभ कर दी है। उन्हें जल्द पुलिस के समक्ष पेश होना पड़ सकता है। बता दें कि हरियाणवी डांसर सपना ने 24 जनवरी 2020 को हरियाणवी सिंगर वीर साहू के साथ कोर्ट मैरिज की थी। वीर साहू सिंगर के अलावा लेखक और मॉडल भी हैं। सपना अपने साथी कलाकार वीर साहू के साथ करीब 5 साल से रिलेशनशिप में थीं, मगर इसकी खबर किसी को नहीं हुई। पिछले साल सपना की शादी का खुलासा हो सका था। सपना चौधरी निकट भविष्य में टीवी जगत में कदम रखने वाली हैं। सपना टीवी के एक नए शो का हिस्सा होंगी। जिसके लिए वह प्रोमो शूट भी कर चुकी हैं। यह प्रोग्राम जल्द रिलीज भी होगा। यह एक क्राइम बेस्ड शो होगा, जिसका टाइटल मौका-ए-वारदात होगा। बता दें कि सपना चौधरी अक्सर किसी ना किसी विवाद में घिर जाती हैं।