-यमुना प्राधिकरण की हेरिटेज सिटी परियोजना में कई नये आयाम जुड़ेंगे, सरोवरों का सुंदरीकरण होगा
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण की हेरिटेज सिटी परियोजना में कई नये आयाम जुड़ेंगे। परियोजना में आने वाले 16 सरोवरों का सुंदरीकरण किया जाएगा। आधुनिक तकनीक से लैस लाइट एंड शो के जरिये श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़ी कथाओं को प्रस्तुत किया जाएगा। इसके लिए 650 करोड़ का बजट तय किया गया है। यमुना प्राधिकरण की हेरिटेज सिटी प्रोजेक्ट में एक नया आयाम जुड़ने जा रहा है। इस प्रोजेक्ट पर 67004 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके लिए डीपीआर बन चुकी है। इसमें संशोधन किए जा रहे हैं। प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह ने बताया कि जहां पर हेरिटेज सिटी प्रस्तावित की गई है, वह इलाका भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं से जुड़ा है। इस परियोजना के पूरे होने के बाद में क्षेत्र की संस्कृति विरासत को संरक्षित किया जा सकेगा।
साथ ही पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। परियोजना को लेकर स्थानीय लोगों से बात की गई तो सामने आया कि यह इलाका पौराणिक महत्व का है। वर्तमान में इनका विशेष संरक्षण नहीं है। इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए यह परियोजना तैयार की गई है। इस इलाके के 16 सरोवारों को संरक्षित किया जाएगा। इन स्थलों पर 16 फव्वारे स्थापित किए जाएंगे। साथ ही आगंतुकों के लिए विशेष बैठक क्षेत्र का निर्माण किया जाएगा। इन 16 सरोवरों के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण के लिए 650 करोड़ का बजट निर्धारित किया गया है। इन इलाकों में आधुनिक लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़ी कथाओं को प्रस्तुत किया जाएगा।
















