भारत बंद आंदोलन समाप्त, सरकार सक्रिय
नई दिल्ली। किसान आंदोलन से निपटने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। आंदोलनरत किसानों और सरकार के बीच बुधवार को छठे दौर की वार्ता होनी है, मगर इसके पहले गृहमंत्री अमित शाह ने कुछ किसान प्रतिनिधियों को आज शाम 7 बजे वार्ता के लिए आमंत्रित किया है। इस वार्ता में सिर्फ 14-15 किसान शामिल हो सकेंगे। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) नेता राकेश टिकैत ने यह जानकारी दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गृहमंत्री के साथ वार्ता में कुछ सकारात्मक परिणाम निकल सकेगा। गृहमंत्री शाह से शाम 7 बजे किसान प्रतिनिधियों की वार्ता होगी। भाकियू नेता ने कहा कि किसान अपनी मांगों पर अडिग हैं। सरकार को किसानों के हित में कदम उठाना चाहिए। बता दें कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने आज 4 घंटे का भारत बंद बुलाया था। इसके तहत सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन किए गए। भारत बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। भारत बंद के समर्थन में 3 दर्जन से ज्यादा राजनीतिक दल सामने आए। महाराष्ट्र की सबसे बड़ी मंडी एपीएमसी का बाजार पूर्णत: बंद रहा। वहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक थोक भाव में सब्जी खरीदने आते हैं। वहीं, गुजरात के अरवल्ली में किसान आंदोलन के समर्थन में कांग्रेस कार्यकताओं ने सड़कों पर आकर प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने विरोध-प्रदर्शन कर शामलाजी-भीलोडा-ईडर रोड पर यातायात बाधित कर दिया था। भारत बंद के समर्थन में अहमदाबाद के जनपद साणंद में प्रदर्शनकारियों ने यातायात बाधित कर दिया था। ऐसे में सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं, केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि किसानों से कोई शिकायत नहीं है। कुछ आपराधिक साजिशकर्ता हैं, जो पीएम मोदी के विकास कार्यों को पलीता लगाने का प्रयास करते रहते हैं। उधर, गृहमंत्री के साथ आपात वार्ता से पहले किसानों ने सिंघु बॉर्डर पर बैठक कर आपसी चर्चा की।















