-
आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज सिंघल और महासचिव आलोक अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में की मुलाकात
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर सूबे में औद्योगिक प्रगति तथा बिल्ड भारत एक्सपो 2025 पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान सीएम योगी को बिल्ड भारत एक्सपो के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। आईआईए द्वारा 19 से 21 मार्च तक भारत मंडपम, हॉल नंबर-6 प्रगति मैदान नई दिल्ली में सबसे बड़ी औद्योगिक प्रदर्शनी ‘बिल्ड भारत एक्सपो-2025’ की मेजबानी की जाएगी।
इसके पहले आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज सिंघल एवं महासचिव आलोक अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है। इस दरम्यान आईआईए द्वारा नई दिल्ली में आयोजित किए जाने वाले ‘बिल्ड भारत एक्सपो 2025’ के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित कर प्रदेश के उद्यमियों को मार्गदर्शन एवं प्रेरणा देने का अनुरोध किया गयो इस एक्सपो का उद्घाटन समारोह 19 मार्च को सुबह 11 बजे होगा। इस एक्सपो का उद्देश्य भारत और खासतौर से उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को प्रोत्साहित करना एवं विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में नवीनतम तकनीकों और व्यापारिक संभावनाओं को बढ़ावा देना है। इस अंतर्राष्ट्रीय स्तर के एक्सपो में उत्तर प्रदेश के ओडीओपी उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए एक अलग पवेलियन की भी स्थापना की गई है जिसके लिए एमएसएमई एवं एक्सपोर्ट प्रमोशन विभाग उत्तर प्रदेश सरकार का सहयोग प्राप्त है। इसके अतिरिक्त एमएसएमई मंत्रालय भारत सरकार ने भी इस एक्सपो को मान्यता दी है।
बिल्ड भारत एक्सपो में देश एवं विदेश से भारी संख्या में बिजनेस विसिटर्स आयेंगे, जिसमें 34 से अधिक देशों की एम्बेसी के प्रतिनिधि, राजदूत, ट्रेड कमिश्नर्स शामिल होंगे। रूस, आॅस्ट्रिया, जापान, मलेशिया, वियतनाम, ईरान, इराक, सिंगापुर, नीदरलैंड, बांग्लादेश, फिलिपीन्स, म्यानमार, थाईलैंड, मोरिशस, साउथ कोरिया, नेपाल, फिजी, इंडोनेशिया, गुयेना, घाना, इथोपिया, सेय्वेल्लेस, कजाकस्तान आदि से प्रतिनिधिमंडलों के एक्सपो में विजिट करने की पुष्टि अभी तक हो गई है। सीएम से मुलाकात के दौरान आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज सिंघल ने मुख्यमंत्री के समक्ष उद्योगों के उत्थान के लिए कुछ महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखे।
















