-जीडीए उपाध्यक्ष के आदेश पर 2 अवैध कॉलोनी, धर्मकांटे ध्वस्त, दो दुकानें तोड़ी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन टीम द्वारा अनाधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई लगातार जारी है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के सख्त आदेश के चलते मोरटी डूब क्षेत्र में दो अनाधिकृत कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया। शुक्रवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-1 के प्रभारी एवं ओएसडी राजीव रतन सिंह के नेतृत्व में सहायक अभियंता रूद्रेश शुक्ला,अवर अभियंता इम्तियाज ने जीडीए पुलिस बल एवं थाना नंदग्राम पुलिस की मौजूदगी मोरटी गांव के डूब क्षेत्र में लगभग 17 बीघा क्षेत्रफल में काटी जा रही अनाधिकृत कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। तीन धर्मकांटे तोड़े गए। जबकि दो अवैध दुकानों को सील किया गया। ग्राम मोरटी के डूब क्षेत्र में अशोक जैन द्वारा लगभग 8 बीघा जमीन में विकसित की जा रही अनाधिकृत कॉलोनी में बिजली के पोल,भूखंडों की बाउंड्रीवाल,कालोनाइजर को साईट ऑफिस आदि को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।
वहीं, ग्राम मोरटी में महादेव एंक्लेव के नाम से लगभग 9 बीघा जमीन में काटी जा रही अनाधिकृत कॉलोनी में भी भूखंडों की बाउंड्रीवाल,पोल व सड़क को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। कुल मिलाकर 17 बीघा क्षेत्रफल में काटी जा रही दोनों अनाधिकृत कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया गया। जीडीए की इस ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर व भूखंड खरीदारों ने जमकर विरोध किया। मगर जीडीए पुलिस और नंदग्राम थाना पुलिस ने उन्हें लाठी फटकार कर वहां से खदेड़ दिया।
इसके अलावा जीडीए प्रवर्तन टीम ने गांव मोरटी रोड स्थित एके चिल्ड्रन स्कूल के सामने और जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल के निकट अवैध तरीके से संचालित तीन धर्मकांटे भी बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिए। इसके अलावा नंदग्राम स्थित वैम्बे कॉलोनी के सामने नंदग्र्राम में साहिल वर्मा द्वारा जीडीए से स्वीकृत नक्शे के विपरीत बनाई गई दो दुकानों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। जीडीए ओएसडी ने लोगों को चेतावनी दी कि अवैध निर्माण के खिलाफ जीडीए की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
















