उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 बीघा क्षेत्रफल में काटी गई 3 अनाधिकृत कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। इनमें मधुबन-बापूधाम योजना के सिटी पार्क के पास,दुहाई और डासना में लगभग 19 बीघा क्षेत्रफल में 3 अनाधिकृत कॉलोनियों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के सख्त आदेश के क्रम में यह बड़ी कार्रवाई की गई। शुक्रवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-3 के प्रभारी अधिशासी अभियंता योगेश पटेल के नेतृत्व में सहायक अभियंता अनुज कुमार,अवर अभियंता सतेंद्र सिंह,अवर अभियंता प्रभु नारायण सिंह ने जीडीए पुलिस बल व मधुबन बापूधाम थाना पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
प्रमोद शर्मा पुत्र दयाराम शर्मा द्वारा खसरा संख्या-1514 व 1519,इंदिरा एन्क्लेव व मधुबन-बापूधाम योजना के सिटी पार्क के बीच में एनडीआरएफ रोड पर लगभग 9 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत कॉलोनी काटी जा रही है। इसमें बुलडोजर चलाकर साइट ऑफिस,कमरे,सड़क व पोल को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा अमित डबास पुत्र रामबीर द्वारा खसरा संख्या-15, डासना में लगभग 4 बीघा क्षेत्रफल और संजीव चौधरी द्वारा खसरा संख्या-471 व 475,दुहाई निकट मधुबन-बापूधाम बी-ब्लॉक मिनी एमआईजी फ्लैट के निकट लगभग 6 बीघा समेत कुल 19 बीघा क्षेत्रफल में काटी जा रही तीनों अनाधिकृत कॉलोनियों में बुलडोजर चलाकर भूखंडों की बाउंड्रीवाल, इंटरलॉकिंग सड़क, नाली, साईट ऑफिस आदि को ध्वस्त कर दिया गया।
जीडीए की इस ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर व निर्माणकर्ताओं ने जमकर विरोध किया। मगर जीडीए पुलिस बल ने उन्हें लाठी फटकार कर नियंत्रित करते हुए वहां से भगा दिया। मौके पर उपस्थित लोगों से अपील की गई कि अनाधिकृत रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों में भूखंडों का क्रय-विक्रय न करें। अवैध निर्माण व अनाधिकृत कॉलोनियों को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी रहेगी।
















