-विश्व पर्यावरण दिवस पर सामाजिक संस्था और भारतीय सेना के सयुंक्त प्रयास से आयोजित हुआ विशेष पौधारोपण कार्यक्रम, आमजन को दिया पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश
उदय भूमि संवाददाता
हल्द्वानी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हल्द्वानी आर्मी कैंट परिसर एक विशेष दृश्य का साक्षी बना, जहां सामाजिक संगठन ‘एक समाज श्रेष्ठ समाज’ संस्था ने भारतीय सेना के सैकड़ों जवानों और सैन्य अधिकारियों के साथ गुरुवार को मिलकर फलदार और छायादार पौधों का वृक्षारोपण कर एक अनुकरणीय पहल की। यह आयोजन पृथ्वी को हरा-भरा और स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया, जिसमें नीम, पीपल, जामुन, बरगद जैसे उपयोगी वृक्षों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम की अगुवाई संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू और कोषाध्यक्ष बलराम हालदार ने की, वहीं मीडिया प्रभारी मुकेश सरकार ने इस दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण और मानव जीवन का रिश्ता अतूट है। शुद्ध वायु, जल और भोजन जैसी बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति प्रकृति से ही होती है, और ऐसे में उसका संरक्षण करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण मात्र एक प्रतीकात्मक कार्य नहीं, बल्कि एक दीर्घकालिक निवेश है आने वाली पीढिय़ों के लिए। वृक्ष जहां हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं वहीं प्रदूषण को कम कर जलवायु को संतुलित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अनेक औषधीय वृक्ष न केवल पर्यावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि मानव स्वास्थ्य को भी लाभ पहुंचाते हैं। संस्था अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू ने कहा कि हम सभी को पर्यावरण के प्रति अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभानी होगी। एक वृक्ष केवल छाया या फल ही नहीं देता, बल्कि एक पूरी जीवन श्रृंखला को सहारा देता है। पर्यावरण संरक्षण अब कोई विकल्प नहीं, बल्कि समय की मांग है। हमें पौधारोपण करने के साथ-साथ वृक्षों के संरक्षण की भी आदत डालनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य न केवल वृक्षारोपण करना था, बल्कि लोगों में पर्यावरण के प्रति चेतना जगाना भी था।
संस्था आने वाले समय में और भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिसमें युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस विशेष मौके पर संस्था की मार्गदर्शक पूर्णिमा रजवार, योगिता बनोला, धर्मपाल, दीपा रावत, अंशिका साहू, सूरज मिस्त्री, निखिल कुमार, खुशी नागर, मनीष साहू, अमन कुमार, सुशील राय, दीपक कुमार, सूरज कुम्हार, मुकेश कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता और स्वंयसेवक मौजूद रहे। कार्यक्रम में भाग ले रहे सैनिकों ने भी पर्यावरण की रक्षा को देश सेवा के समकक्ष मानते हुए इस अभियान में उत्साह से भाग लिया। सैन्य अधिकारियों ने इसे एक अनुकरणीय पहल बताया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सहयोग का आश्वासन दिया।
















