वैशाली में पौधारोपण से बदली तस्वीर: नव निर्मित ग्रीन बेल्ट पर वृक्षारोपण, गंदगी के स्थान पर हरियाली की नई पहचान

-विश्व पर्यावरण दिवस पर कूड़े की जगह बनी हरित पट्टी, नागरिकों और पार्षद ने मिलकर लगाए पौधे

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर गुरुवार को वैशाली सेक्टर-1 में एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद कुसुम गोयल, पूर्व पार्षद डॉ मनोज गोयल, नगर निगम के मुख्य अभियंता, वरिष्ठ उद्यान प्रभारी एन.के. चौधरी एवं डॉ. अनुज कुमार सिंह के नेतृत्व में नव विकसित ग्रीन बेल्ट पर लगभग 50 नीम, पीपल, जामुन और बरगद के पौधे लगाए गए। यह स्थान कुछ महीने पहले तक कूड़े और गंदगी से अटा पड़ा था, लेकिन पार्षद निधि से यहां रेलिंग लगाकर, मिट्टी डलवाकर और निरंतर प्रयासों से एक हरित पट्टी का निर्माण किया गया। ग्रीन बेल्ट के साथ बहने वाले नाले से आने वाली दुर्गंध को कम करने और पर्यावरण संतुलन को सुधारने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।

पार्षद कुसुम गोयल ने इस कार्य के लिए नगर की महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और वृक्षारोपण किया। समाजसेवी महेन्द्र सिंह (संस्थापक, सरदार पटेल युवा केंद्र) ने कार्यक्रम में पार्षद को सम्मानित किया। पार्षद कुसुम गोयल ने बताया कि आज विश्व पर्यावरण दिवस और हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के जन्मदिवस के पावन अवसर पर हमने वैशाली सेक्टर-1 में वृक्षारोपण करके हरियाली को समर्पित एक छोटा सा प्रयास किया है। यह जगह कभी गंदगी से अटी पड़ी रहती थी, लेकिन जनसहयोग और नगर निगम की मदद से आज यहां एक सुंदर ग्रीन बेल्ट विकसित की जा रही है।

मेरा उद्देश्य है कि इस क्षेत्र को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाया जाए ताकि आने वाली पीढिय़ों को एक बेहतर पर्यावरण मिल सके। मैं इस कार्य में सहयोग देने के लिए महापौर सुनीता दयाल जी, नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक जी और क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार प्रकट करती हूं। आने वाले समय में हम और अधिक पौधारोपण और स्वच्छता के कार्य करेंगे और इस क्षेत्र को गाजियाबाद का आदर्श क्षेत्र बनाएंगे। पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने बताया कि क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी हैं और यह ग्रीन बेल्ट स्थानीय लोगों के लिए एक सकारात्मक बदलाव का प्रतीक बनेगी।

इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश शर्मा, अवधेश कटिहार, विनोद कुमार, शिवशंकर उपाध्याय, डॉ. एस.एन. शर्मा, प्रमोद सिंघल, के.एल. शर्मा, मंगल सिंह, एस.के. उपाध्याय, प्रमोद वर्मा, भूपेंद्र, हरिओम गुप्ता, जयपाल सिंह, घनश्याम गुप्ता, रमेश मिश्रा, वीर सेन मित्तल, पंकज शर्मा, संजय सिंह, राज सिंह, दुष्यंत गौतम, रेनू नेगी, तिरपता ढींगरा, कैलाश गोयल, अशोक गुप्ता, पहलाद सिंह, बिजी सिंह, तेजवीर सिंह, अनिल श्रीवास्तव, राजेश कटियार, अशोक अग्रवाल और राजेश उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि जनसहभागिता और राजनीतिक इच्छाशक्ति से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस बदलाव संभव है।