हल्द्वानी में ‘एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था’ ने पौधारोपण कर मनाया प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन

-प्रधानमंत्री की लंबी आयु और राष्ट्र की उन्नति के लिए की गई प्रार्थना, सेना के अधिकारियों और जवानों ने भी लिया हिस्सा

उदय भूमि संवाददाता
हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिन के अवसर पर एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने अनोखे अंदाज़ में श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया। संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू और सदस्य सुनीता तिवारी के नेतृत्व में संस्था के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी आर्मी कैंट परिसर में पौधारोपण कर प्रधानमंत्री की दीर्घायु और राष्ट्रहितकारी कार्यों की निरंतरता के लिए भगवान से प्रार्थना की। इस अवसर पर भारतीय सेना के अधिकारी और जवान भी उपस्थित रहे, जिन्होंने संस्था के इस पुण्य कार्य में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के दौरान संस्था की मार्गदर्शक पूर्णिमा रजवार और सदस्य मनीष साहू ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने भारत माता की सेवा को अपना जीवन उद्देश्य बना लिया है।

उन्होंने आस्था, निष्ठा और दृढ़ संकल्प शक्ति के साथ दिन-रात अथक परिश्रम कर देश को हर क्षेत्र में प्रगति के पथ पर अग्रसर किया है। आज विश्व स्तर पर भारत का मान-सम्मान तेजी से बढ़ रहा है और मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने ‘विश्व मित्र’ की भावना से काम करते हुए दुनिया का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। यही कारण है कि पूरी दुनिया भारत को एक सशक्त राष्ट्र के रूप में मान्यता दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने न केवल देश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है बल्कि अनेक ऐतिहासिक कीर्तिमान भी स्थापित किए हैं। यह हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि मोदी जी के राष्ट्रहितकारी कार्य हमें धर्महित, समाजहित और भारतहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं और नई ऊर्जा का संचार करते हैं।

इस दौरान पौधारोपण कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू, कोषाध्यक्ष बलराम हालदार, मार्गदर्शक पूर्णिमा रजवार, धर्मपाल सिंह, मनीष साहू, दिव्यांशी जोशी, रेनू कांडपाल, सुनीता तिवारी, जया जोशी, मीरा श्रोत्रिय, नमन तिवारी, सूरज मिस्त्री, अंशिका साहू, निखिल कुमार, अमन कुमार, सुशील राय, दीपक कुमार, सूरज कुम्हार, मुकेश कुमार सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सैन्य अधिकारियों और जवानों ने भी इस अवसर पर पौधे रोपे और कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ ही यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिन को सार्थक बनाने का एक उत्तम प्रयास है। संस्था द्वारा किया गया यह आयोजन आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत रहेगा।