साइबर ठगों पर नकेल कसने मैदान में उतरे इंदिरापुरम एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव

-जैन मंदिर वैशाली में आयोजित ‘साइबर चौपाल’ में आमजन को ठगी से बचने के दिए टिप्स
-सतर्क नागरिक ही साइबर सुरक्षा की सबसे बड़ी दीवार: अभिषेक श्रीवास्तव

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस अब केवल अपराधियों की धरपकड़ तक सीमित नहीं, बल्कि आम जनता को तकनीकी युग की सबसे बड़ी चुनौती साइबर ठगी से बचाने के लिए भी कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ के निर्देश पर सोमवार को “साइबर चौपाल” अभियान के तहत वैशाली सेक्टर-3 स्थित जैन मंदिर में एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने की, जिसमें थाना कौशांबी पुलिस, साइबर सेल, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक और व्यापारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। संगोष्ठी में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि अब लड़ाई सिर्फ सड़कों पर नहीं, बल्कि मोबाइल स्क्रीन और बैंक खातों के भीतर लड़ी जा रही है। आम नागरिक को सजग और जागरूक बनाकर ही हम इन साइबर अपराधियों की चालों को विफल कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि साइबर ठग नए-नए तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। जैसे फर्जी बैंक कॉल, नकली ई-चालान, फेक जॉब ऑफर, क्यूआर कोड स्कैम, लालच भरी स्कीम्स आदि। जागरूकता अभियान के तहत नागरिकों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। जिसमें ओटीपी पासवर्ड, एटीएम डिटेल्स किसी से भी साझा न करें। संदिग्ध लिंक या ऐप्स पर क्लिक न करें। अगर ठगी हो जाए तो तुरंत 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। नकली बैंकिंग और मोबाइल कॉल्स से सतर्क रहें।

इस विशेष अभियान में कौशांबी थाना प्रभारी, साइबर सेल के अधिकारी, डॉ. नमित वार्ष्णेय, मोहन दास, महिम जैन, संजीव वर्मा समेत अनेक स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। संगोष्ठी के दौरान पुलिस टीम ने एक साइबर सुरक्षा गाइडलाइन चार्ट भी साझा किया जिसे उपस्थित जनों ने सराहा। कार्यक्रम के समापन पर एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि यह कोई एक दिन की पहल नहीं, बल्कि एक सतत अभियान है। आने वाले दिनों में इंदिरापुरम क्षेत्र के हर कोने में पुलिस इसी तरह की चौपालों के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराधों के विरुद्ध सशक्त करेगी।