-वेव सिटी व क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस बल ने डासना में निकाला फ्लैग मार्च, सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को डासना क्षेत्र में एक प्रभावशाली रूट मार्च (फ्लैग मार्च) का आयोजन किया गया, जिसमें सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) वेव सिटी प्रियाश्री पाल स्वयं पुलिस बल के साथ शामिल रहीं। यह मार्च थाना वेव सिटी और थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक के संयुक्त बल द्वारा किया गया। पुलिस का यह मार्च केवल गश्त नहीं, बल्कि आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देने के उद्देश्य से किया गया। इस फ्लैग मार्च के माध्यम से यह स्पष्ट कर दिया गया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।रूट मार्च के दौरान पुलिस ने डासना क्षेत्र के प्रमुख बाजार, संवेदनशील गलियों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मार्च करते हुए लोगों से संवाद भी स्थापित किया। आमजन से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
सशस्त्र बल, महिला पुलिस और अधिकारी रहे साथ
मार्च में महिला पुलिसकर्मी, स्थानीय पुलिस थानों की टीमें, पीआरवी यूनिट और सशस्त्र बल के जवानों ने सहभागिता की। प्रत्येक गली, मोड़ और चौक को कवर करते हुए मार्च आगे बढ़ा, जिससे लोगों में सुरक्षा को लेकर संतोष का माहौल बना। फ्लैग मार्च के समापन पर एसीपी प्रियाश्री पाल ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। पुलिस पूरी मुस्तैदी से तैनात रहेगी। आमजन बेखौफ होकर त्योहारों का आनंद लें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
स्थानीय लोगों ने की प्रशंसा
रूट मार्च को लेकर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि इस तरह की पहल से सामाजिक सौहार्द और सुरक्षा का वातावरण मजबूत होता है। व्यापारियों ने भरोसा जताया कि इस बार के त्योहार शांति और उल्लास के साथ मनाए जाएंगे।
त्योहारों पर विशेष निगरानी के निर्देश
गाजियाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में इसी तरह अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी फ्लैग मार्च और पैदल गश्त की जाएगी। थाना प्रभारी और क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
















