उद्योगपति, व्यापारी नेता एवं समाजसेवी संजीव तुली ने परिवार के साथ डाला वोट

दिल्ली। लोकसभा के छठे चरण में मतदान के लिए शनिवार को घरों से निकले दिल्ली वालों का मौसम ने कड़ा इम्तहान लिया। सुबह भारी उमस के चलते लोग पसीने-पसीने होते रहे जबकि, दिन के समय झुलसाने वाली गर्मी और लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल किया। दिल्ली में सुबह के समय हवा की दिशा दक्षिण पूर्वी थी। मतदान केन्द्रों के सामने सुबह से ही लोगों की कतारें भी दिखीं लेकिन, बाद में धूप तेज हो गई और हवा की दिशा भी उत्तरी पश्चिमी हो गई। इससे मौसम तपने लगा। खासतौर पर दोपहर ढाई बजे के बाद लोगों को लू के थपेड़ों ने तंग किया। फिर भी लोग बड़ी संख्या में मतदान के लिए पहुंचे। दिल्ली में शनिवार को शाम पांच बजे तक 53.73 फीसदी मतदान हुआ।

वहीं प्रीत विहार निवासी उद्योगपति, व्यापारी नेता एवं समाजसेवी संजीव तुली ने पत्नी गीता तुली, बेटे ओमकार व पुत्रवधू अनिका वर्मा तुली के साथ घर से निकलकर लोकतंत्र की मजबूती के लिए बूथ पर जाकर अपने मत का प्रयोग करते हुए उसकी एक सेल्फी भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की। मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद अपनी स्याही लगी उंगली दिखाई। जिसके बाद व्यापारी नेता एवं समाजसेवी संजीव तुली ने कहा कि मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे बाहर आएं और वोट देने के अपने अधिकार का प्रयोग करें और बदलाव के लिए वोट करें। लोकतंत्र का महापर्व बहुत महत्वपूर्ण है। आपका एक-एक मत बदलाव की हिस्सेदारी बनेगा। गर्मी से न घबराईएं, बदलाव के लिए अपने वोट की ताकत का इस्तेमाल करिये। एक-एक वोट मायने रखता है और आपका वोट भी उतना ही महत्वपूर्ण है। लोकतंत्र तभी फलता-फूलता है और जीवंत दिखता है, जब चुनाव प्रक्रिया में जनता-जनार्दन की बढ़-चढ़कर भागीदारी होती है।