ई-केवाईसी नहीं कराने पर गाजियाबाद में 30 जून के बाद नहीं मिलेगा राशन

गाजियाबाद। जनपद में राशन कार्ड में दर्ज यूनिट कार्डधारकों के सत्यापन के लिए ई-केवाईसी करवाई जा रही है। आगामी 30 जून तक यह इलेक्ट्रॉनिक नो योअर कस्टमर (ई-केवाईसी) पूरा कराया जाना है। जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा चौधरी ने बताया कि खाद्य एवं रसद विभाग लखनऊ के आयुक्त के निर्देशानुसार जनपद में प्रचलित सभी राशन कार्ड में दर्ज यूनिटों की कार्डधारकों के सत्यापन कराए जाने के लिए ई-केवाईसी कराई जानी हैं। यह कार्य 30 जून तक पूरा कराया जाना है।

उन्होंने बताया कि केवाईसी नहीं कराने पर राशन कार्ड निरस्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राशन डीलर दुकानों से वितरित होने वाले राशन वितरण के अंतिम दो दिन में ई-पॉस मशीन के माध्यम से कार्डधारकों को ई-केवाईसी कराए जाने का कार्य जारी रहेगा। ऐसे में जनपद के सभी कार्डधारक अपने राशन विक्रेता के यहां राशन वितरण के अंतिम दिवस में अपना आधार कार्ड एवं राशन कार्ड ले जाकर अपने परिवार के सभी सदस्यों, यूनिटों की ई-केवाईसी पूर्ण करा लें।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि राशन कार्डधारकों के प्रत्येक सदस्य को ई-केवाईसी करवाना बहुत जरूरी हैं। प्रत्येक राशन कार्ड में जितने भी सदस्य होंगे। राशन डीलर विक्रेता के पास जाकर सभी का अंगूठा ई-पॉस मशीन में लगने के पश्चात ही ई-केवाईसी पूर्ण मानी जाएगी। प्रदेश शासन द्वारा इस प्रक्रिया से प्रत्येक सदस्य की जांच कराई जा रही है। जो भी कार्डधारक ई-केवाईसी नहीं कराएगा। उनकी जांच संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी एवं पूर्ति निरीक्षक के माध्यम से करवाए जाने के लिए उपरांत ई-केवाईसी न कराए जाने की दशा में राशन कार्ड से नाम हटा दिया जाएगा। राशन कार्ड में दर्ज नाम के सभी सदस्यों की ई-केवाईसी होना जरूरी हैं।