महंगाई : रसोई गैस सिलेंडर 50 रुपए महंगा

14 दिन में दूसरी बार घरेलू किचन पर मार

नई दिल्ली। देश में कोरोना काल में महंगाई की निरंतर मार पड़ रही है। अब घरेलू रसोई के लिए बुरी खबर है। एलपीजी सिलेंडर के दाम फिर बढ़ गए हैं। तेल कंपनियों ने 2 सप्ताह के भीतर दूसरी बार उपभोक्ताओं को झटका दे डाला है। सिलेंडर के दामों में 50 रुपए की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। इसके चलते 14 दिन में एलपीजी सिलेंडर 100 रुपए महंगा हो गया है। तेल कंपनियों के फैसले से घरेलू बजट पर असर पड़ना तय है। तेल कंपनियों ने रसोई गैस के दामों में मंगलवार को 50 रुपये की वृद्धि कर दी है। एक पखवाड़े के भीतर यह दूसरी वृद्धि है। इस हिसाब से अब दिसंबर में उन उपभोक्ताओं को 100 रुपए ज्यादा चुकाने होंगे, जो आज से सिलेंडर की बुकिंग करेंगे। इससे पहले 3 दिसंबर को 50 रुपए की वृद्धि की गई थी। यह वृद्धि बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलो के घरेलू और 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर पर की गई है। मूल्यवृद्धि के बाद दिल्ली में बिना सब्सिडी का 14.2 किलोग्राम एलपीजी गैस सिलेंडर 694 रुपए में मिलेगा। पहले इसकी कीमत 644 रुपए प्रति सिलेंडर थी। इसके अलावा 19 किलोग्राम के कमर्शियल गैस सिलेंडर के भाव में 36 रुपए की वृद्धि हुई है। नई कीमतें मंगलवार से लागू हो गई हैं। इसके पहले तेल कंपनियों ने 3 दिसंबर को गैस सिलेंडर के भाव में 50 रुपए की बढ़ोत्तरी की थी। उधर, कोलकाता में इस सिलेंडर की नई कीमत 720.50 रुपए, मुंबई में 694 रुपए और चेन्नई में 710 रुपए हो गई है। 19 किलोग्राम के कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में भी वृद्धि हुई है। कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के भाव में 36 रुपए का इजाफा किया गया है। दिल्ली में इस सिलेंडर का मूल्य 1332 रुपए, कोलकाता में 1,387.5 रुपए मुंबई में 1280 रुपए और चेन्नई में 1446.5 रुपए हो गया है।