इनर व्हील क्लब ऑफ नवीन ग्रेटर नोएडा ने बांटे महिलाओं को सर्दी के कपडे, शॉल और बर्तन

मथुरा। इनर व्हील क्लब ऑफ नवीन ग्रेटर नोएडा द्वारा वृन्दावन में शुक्रवार को वृद्ध एवं वंचित महिलाओं के लिए नारी तेरा आभार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आचार्य राजेंद्र महाराज जी रहे। क्लब द्वारा 51 महिलाओं को सर्दी से लड़ने के लिए क्लोथिंग किट दी गई। जिसमें सभी के लिए साड़ी, शॉल, चप्पल, जुराबें एवं बर्तन का वितरण किया गया। वितरण वृद्ध आश्रमों एवं अपना घर संस्थानों में किया गया। आचार्य विष्णु शास्त्री विशिष्ट अतिथि ने वितरण के आयोजन में विशेष योगदान दिया।

क्लब प्रधान अनीता सिंगला ने बताया की हर वर्ष उनके क्लब के सदस्य मिलकर वृन्दावन में जाकर  वृद्ध एवं जरूरतमंद महिलाओं को सहयोग देते हैं। धीरे-धीरे सर्दी का मौसम और बढ़ने वाला है, समाज में अभी भी ऐसे कई लोग हैं जो गर्म कपड़ों, स्वेटर और कंबल से मोहताज हैं। हमारी कोशिश है कि हम ऐसे जरूरतमंद लोगों को इस कड़ाके की ठंड में उनके हिस्से की गर्माहट दे सकें।

उन्होंने कहा कि आप लोगों के बीच आकर बेहद खुशी हो रही है। बड़े-बुजुर्गों के आशीर्वाद से ही आज इनर व्हील क्लब ऑफ नवीन ग्रेटर नोएडा विकास कार्यो को नई गति मिल रही है। सभी क्लब सदस्यों ने मिलकर उनकी दिनचर्या पर चर्चा की एवं उनकी जरूरतों को जाना। महिलाओं को देख क्लब सदस्यों का मन भर आया और उन्होंने सभी को मनोबल को ऊँचा रखने के प्रेरित किया एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए विभिन्न योजनाओं से अवगत करवाया।