-पार्षद निधि से बी-78 सी-6 मार्ग का हुआ पूर्ण निर्माण, महापौर व नगर आयुक्त को दिया धन्यवाद
-क्षेत्र में विकास कार्यों की झलक पर बोले पार्षद: ‘जनसेवा ही मेरा संकल्प ‘
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर के विकास की दिशा में एक और अहम कदम उठाते हुए क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने अपने वार्ड में बी-78 सी-6 वाली सड़क का पूर्ण निर्माण कार्य पूरा कराया। यह कार्य पार्षद निधि से कराया गया है, जिसका निर्माण डेन्स कंपनी द्वारा गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया गया। इस नवनिर्मित सड़क का शुभारंभ समाजसेवी मंजू चंद्रा ने बुधवार को नारियल फोड़कर किया, जिसके साथ ही स्थानीय निवासियों में हर्ष और संतोष का माहौल देखने को मिला। शुभारंभ कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी, भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाजसेवी दीपक गुप्ता, सुधीर गुप्ता, सुनील गांधी, भाजपा नेता अवधेश कटिहार, चारु चौधरी, मुनीष चंद्रा, बच्ची राम, अमरेश तिवारी, अनिल मल्होत्रा, धीरेंद्र कुमार जैन सहित कई गणमान्य लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने क्षेत्र में चल रहे अन्य विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि नगर निगम की मदद से क्षेत्र में सड़कों के साथ-साथ नालियों, स्ट्रीट लाइटों, जल निकासी व्यवस्था और पार्कों के सौंदर्यीकरण पर भी लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल निर्माण कराना नहीं, बल्कि हर नागरिक को बेहतर जीवन सुविधा उपलब्ध कराना है। विकास केवल शब्द नहीं, यह हमारी जिम्मेदारी है। पार्षद ने इस अवसर पर महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त मलिक जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी निरंतर सहयोग भावना और प्रशासनिक तत्परता से ही यह कार्य संभव हो सका। उन्होंने कहा कि महापौर सुनीता दयाल जी और नगर आयुक्त मलिक जी का मार्गदर्शन हमें निरंतर मिलता रहा है। उनके सहयोग से हम क्षेत्र में विकास की गंगा बहाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कुसुम मनोज गोयल ने यह भी कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही उनके कार्य का मूल उद्देश्य है। जनता ने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना है, इसलिए मेरा हर निर्णय जनता की सुविधा और संतोष के लिए समर्पित है। आने वाले समय में क्षेत्र की हर गली-नाली, सड़क और सार्वजनिक स्थान को व्यवस्थित करने का लक्ष्य रखा गया है।
स्थानीय निवासियों ने सड़क निर्माण कार्य के लिए पार्षद का आभार जताया। लोगों ने कहा कि लंबे समय से इस मार्ग की स्थिति जर्जर थी, जिससे आवागमन में भारी असुविधा होती थी। अब इस नई सड़क से न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़ेगी। शुभारंभ कार्यक्रम के अंत में पार्षद ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे विकास कार्यों की निगरानी में सहयोग करें ताकि सार्वजनिक संपत्तियों की देखरेख सामूहिक जिम्मेदारी बने। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास केवल सरकार या प्रतिनिधि नहीं, बल्कि जनता की साझेदारी से ही संभव है। इस प्रकार, कौशांबी क्षेत्र में पार्षद कुसुम मनोज गोयल की पहल ने न केवल सड़क निर्माण को नया आयाम दिया है, बल्कि यह भी साबित किया है कि सच्ची जनसेवा समर्पण, पारदर्शिता और विकास की निरंतर भावना से ही संभव है।
















