राममय हुआ कौशांबी: अयोध्या श्रीराम मंदिर निर्माण की द्वितीय वर्षगांठ पर निकली भव्य शोभा यात्रा

-कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा बोले-ऐसा लगा मानो कलियुग से सतयुग की ओर बढ़ चला समाज

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण की द्वितीय वर्षगांठ के पावन अवसर पर शुक्रवार को कौशांबी क्षेत्र में भव्य और ऐतिहासिक शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, श्रद्धा और उत्साह से सराबोर इस यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। शोभा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में साहिबाबाद विधानसभा से विधायक एवं प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। क्षेत्रीय पार्षद कुसुम गोयल एवं पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने माननीय मंत्री का भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि इस शोभा यात्रा में उमड़ी अपार भीड़ यह दर्शाती है कि समाज में राम के आदर्शों के प्रति गहरी आस्था है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता देखकर ऐसा प्रतीत होता है मानो कलियुग समाप्ति की ओर है और सतयुग का आगमन होने जा रहा है।

उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी आयोजकों और सहभागियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। शोभा यात्रा के आयोजन संयोजक दीपक गुप्ता, सुनील गांधी एवं पप्पू चौपाल को इस भव्य और अनुशासित आयोजन के लिए विशेष रूप से धन्यवाद दिया गया। यात्रा में बैंड-बाजा, ढोल-नगाड़े, घोड़े और घोड़ा-बग्गी आकर्षण का केंद्र रहे। भगवान श्रीराम और माता सीता के स्वरूप में सजे कलाकारों का जगह-जगह पुष्पवर्षा और आरती के साथ स्वागत किया गया। जगन्नाथ मंदिर की ‘हरे राम हरे कृष्णÓ संकीर्तन मंडली ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। यात्रा के दौरान कौशांबी पार्क ग्रुप द्वारा भगवान राम और माता सीता की आरती की गई तथा हनुमान चालीसा का पाठ हुआ।

श्रद्धालुओं के लिए कचौड़ी और दाल का प्रसाद वितरित किया गया। समाजसेवी एस.एन. सिंगला एवं के-ए ब्लॉक की अध्यक्ष नीतू जैन तथा उनकी टीम ने फूलों और मिठाइयों से यात्रा का स्वागत किया। वेब पिक्चर हॉल स्थित ग्रैंड मिलन बैंक्विट हॉल के बाहर समाजसेवी अजीत नारंग द्वारा फूल मालाओं से स्वागत कर श्रद्धालुओं को गरम सूप पिलाया गया। यात्रा के अगले चरण में केबीसी बैंक्विट हॉल के बाहर समाजसेवी सुनील यादव ने पकोड़े और चाय से स्वागत किया। पंचमणि टावर के बाहर समाजसेवी एवं करावां के महासचिव विनय महेश्वरी और उनकी टीम ने पुष्पवर्षा कर यात्रा को भव्य स्वरूप दिया। शोभा यात्रा का समापन कौशांबी स्थित राम चौक पर हुआ, जहां क्षेत्रवासियों ने बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ स्वागत किया।

इसके उपरांत जयपुरिया स्थित राम मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में पवन गुप्ता, राकेश जकेतिया, गौरव वर्मा, नरेश मिगलानी, राजन मल्होत्रा, सुदीप यादव, चंद्रप्रकाश, के.एल. सचदेवा, वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश कटिहार, वार्ड अध्यक्ष मुरारी सेठ, मंडल मंत्री कामिनी भदोरिया सहित बड़ी संख्या में सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सैकड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ यह शोभा यात्रा कौशांबी के इतिहास में एक अविस्मरणीय धार्मिक आयोजन के रूप में दर्ज हो गई।