-मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ, छात्रों ने प्रस्तुत की मंत्रमुग्ध कर देने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
-राष्ट्रीय मतदान दिवस के अवसर पर छात्रों ने ली मतदाता जागरूकता की शपथ, कार्यक्रम में विद्या, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम का समन्वय देखने को मिला
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, मोहन नगर की सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम समिति द्वारा शुक्रवार को बसंत पंचमी एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती (पराक्रम दिवस) के अवसर पर हवन एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन महाविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस सभागार में किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में विद्या, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणादायी वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आचार्य चंद्रपाल, शिक्षा शास्त्री एवं वैदिक प्रवक्ता रहे। उनके साथ महाविद्यालय के सचिव विनीत गोयल तथा प्राचार्या प्रो. निशा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रात: काल बसंत पंचमी के पावन अवसर पर विधिवत हवन का आयोजन किया गया। मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में बी.एड. की छात्रा सिया ने सरस्वती वंदना की नृत्यात्मक प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
एल.एल.बी. के छात्र इंद्रप्रीत सिंह तथा बी.एड. के छात्र संस्कार ने राग बसंत एवं राग मेघ के माध्यम से सरस्वती वंदना की गीतात्मक प्रस्तुति दी। भक्ति ग्रुप द्वारा प्रस्तुत राम भजन ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बी.एड., बीबीए एवं बीसीए की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने कार्यक्रम में विशेष रंग भरे। काव्य पाठ के क्रम में एल.एल.बी. की छात्रा कीर्ति ने बसंत पंचमी पर कविता प्रस्तुत कर श्रोताओं को उत्साहित किया, जबकि बीकॉम के छात्र नितिन ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन पर आधारित कविता के माध्यम से उनके त्याग और राष्ट्रप्रेम को उजागर किया। एल.एल.बी. के छात्र देवेंद्र ने पराक्रम दिवस के महत्व पर अपनी विचाराभिव्यक्ति प्रस्तुत कर युवाओं को प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि आचार्य चंद्रपाल ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को सनातन विचारधारा से जुड़ते हुए विद्यार्जन, मन, बुद्धि और चित्त के संतुलित विकास पर बल दिया। उन्होंने सत्य के पथ पर चलने, आचरण में भारतीय परंपराओं को अपनाने और जीवन में स्वाध्याय के महत्व को रेखांकित किया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. निशा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ज्ञान वह प्रकाश है जो समाज को चरित्रवान नागरिक प्रदान करता है। पराक्रम दिवस के अवसर पर उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेने का आह्वान किया तथा युवाओं से नवाचार, सृजनशीलता, नैतिकता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के साथ-साथ मूल्य संवर्धन एवं प्रकृति संरक्षण के प्रति सजग रहने की अपील की।
महाविद्यालय के सचिव विनीत गोयल ने सभी को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए नेताजी के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में आगे बढऩे का संदेश दिया और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय मतदान दिवस के उपलक्ष्य में सभी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता की शपथ लेकर अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी विभागाध्यक्ष, प्रवक्ता गण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम ज्ञान, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

















