के.डी.बी. पब्लिक स्कूल में उल्लास, उमंग और उत्सव के साथ वर्ष 2025 को भावभीनी विदाई

-खेल, संगीत, सौहार्द और सहभोज के बीच नववर्ष 2026 का उत्साहपूर्ण स्वागत

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कविनगर स्थित के.डी.बी. पब्लिक स्कूल में बुधवार को बीते वर्ष को विदाई देने और नववर्ष 2026 के स्वागत के उपलक्ष्य में भव्य एवं उल्लासपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्साह, आनंद और सकारात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत दिखाई दिया। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षक-शिक्षिकाओं, सहायक कर्मचारियों तथा स्टाफ सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभाते हुए इसे यादगार बना दिया। नववर्ष समारोह के अंतर्गत विद्यालय परिसर में अनेक मनोरंजक, खेलकूद एवं आपसी सौहार्द को बढ़ाने वाली गतिविधियाँ आयोजित की गईं। शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यालय के सहायक कर्मचारियों के बीच खेले गए दोस्ताना क्रिकेट मैच ने सभी का विशेष ध्यान आकर्षित किया। खेल भावना और आपसी भाईचारे के साथ खेले गए इस मैच में प्रतिभागियों ने भरपूर आनंद लिया और दर्शकों ने तालियों से खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया।

इसके साथ ही म्यूजिकल चेयर और टग ऑफ वॉर जैसे रोमांचकारी खेलों ने कार्यक्रम में अतिरिक्त रंग भर दिया। इन गतिविधियों के दौरान विद्यालय परिसर हंसी, उल्लास और जोश से गूंज उठा। सभी प्रतिभागियों ने न केवल खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लिया, बल्कि एक-दूसरे के साथ आत्मीयता और सहयोग का परिचय भी दिया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित सहभोज में सभी ने मिल-जुलकर स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया, जिससे आपसी मेल-जोल और भी प्रगाढ़ हुआ। समारोह के दौरान विद्यालय का वातावरण एक परिवार की तरह एकजुट नजर आया। बीते वर्ष की शैक्षणिक उपलब्धियों, सांस्कृतिक सफलताओं और विद्यालय की प्रगति को याद करते हुए सभी ने आने वाले नववर्ष के लिए नए संकल्प लिए। यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि आपसी संबंधों को मजबूत करने और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता रहा।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं उपप्रधानाचार्या महोदया ने विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने बीते वर्ष के सहयोग, समर्पण और परिश्रम के लिए सभी का आभार व्यक्त किया तथा आने वाले वर्ष को उपलब्धियों, शैक्षणिक उत्कृष्टता और नवाचार से भरपूर बनाने की कामना की। उन्होंने सभी को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही विद्यालय निरंतर नई ऊंचाइयों को छू सकता है। उत्साह, उमंग और सौहार्द से भरे इस आयोजन के साथ के.डी.बी. पब्लिक स्कूल परिवार ने वर्ष 2025 को आत्मीय विदाई दी और नववर्ष 2026 का आशा, विश्वास और नई ऊर्जा के साथ स्वागत किया।