शपथ ग्रहण में नहीं आए सपा के राजेंद्र चौधरी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के नव-निर्वाचित सदस्यों ने शुक्रवार को विधान भवन के तिलक हॉल में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। कार्यकारी सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने सदस्यता की शपथ दिलाई। भाजपा की ओर से डॉ. दिनेश शर्मा (उप-मुख्यमंत्री), स्वतंत्र देव सिंह (प्रदेशाध्यक्ष), लक्ष्मण आचार्य, गोविंद नारायण शुक्ला, अश्विनी त्यागी, सुरेंद्र चौधरी, धर्मवीर प्रजापति व अरविंद कुमार शर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। सपा सदस्य राजेंद्र चौधरी और भाजपा सदस्य सलिल विश्नोई शपथ लेने नहीं पहुंच सके। बाद में भाजपा के सलिल विश्नोई को सभापति कक्ष में शपथ दिलाई गई। उप्र विधान परिषद में कुंवर मानवेंद्र सिंह दूसरी बार प्रोटेम सभापति नियुक्त किए गए हैं। प्रोटेम सभापति के तौर पर उन्होंने विधान परिषद के नव-निर्वाचित सदस्यों को शपथ ग्रहण कराई। समाजवादी पार्टी (सपा) के नव-निर्वाचित सदस्य अहमद हसन को रविवार को शपथ दिला दी गई गई थी। हसन को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष भी नियुक्त कर दिया गया है। सपा सदस्य राजेंद्र चौधरी शपथ लेने नहीं पहुंच सके। उप्र की 100 सदस्यीय विधान परिषद में वर्तमान में 98 सदस्य हैं। इसमें सपा के 51 सदस्य हो गए हैं। इसके चलते सपा बहुमत में है। हालांकि सपा अहमद हसन को सभापति पद की जिम्मेदारी दिलाना चाह रही थी, मगर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भाजपा के कुंवर मानवेंद्र सिंह को विधान परिषद का प्रोटेम सभापति नियुक्त कर दिया। सपा ने इसका विरोध किया है। विधान मंडल का बजट सत्र 18 फरवरी से आरंभ होना है। बजट सत्र में प्रोटेम सभापति के मुद्दे पर तकरार होने की प्रबल संभावना है। बता दें कि राजेंद्र चौधरी सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। गाजियाबाद निवासी चौधरी लंबे समय से सपा से जुड़े हैं। अखिलेश सरकार में उन्हें राज्य मंत्री का ओहदा भी प्राप्त था।















