गाजियाबाद को मिलकर बनाएं स्वच्छ और स्मार्ट, कूड़े के निस्तारण में न हो कोई समझौता: अरविंद शर्मा

-अब गाजियाबाद बनेगा चमकता शहर, स्वच्छता और विकास पर नगर विकास मंत्री की सख्ती
-सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन, जलापूर्ति, पौधारोपण और नागरिक सुविधाओं पर दिए सख्त निर्देश
-नगर विकास मंत्री ने 17.26 करोड़ के 29 वाहनों का किया उद्घाटन

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने बुधवार को एक निर्णायक कदम उठाते हुए नगर निगम अधिकारियों के साथ व्यापक समीक्षा की। उन्होंने स्वच्छता से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए कई ठोस निर्देश जारी किए और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई। मंत्री ने नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा खरीदे गए 17.26 करोड़ रुपये की लागत से आए 29 आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें रोड स्वीपिंग मशीन, एंटी स्मॉग गन, बैकहो लोडर और व्हील्ड स्किड लोडर जैसी अत्याधुनिक मशीनें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह वाहन न केवल कूड़ा प्रबंधन को आधुनिक बनाएंगे बल्कि शहर की सफाई व्यवस्था में क्रांतिकारी परिवर्तन लाएंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि इन मशीनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक वार्ड में सफाई कार्य नियमित और प्रभावी रूप से किया जाए। नगर विकास मंत्री ने कहा कि शहर के प्रत्येक हिस्से को साफ-सुथरा बनाया जाए और कहीं पर भी कूड़ा अथवा गंदगी फैली हुई न दिखे।

उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण प्रणाली को और बेहतर बनाया जाए और गीला-सूखा कूड़ा अलग-अलग करके उसका निष्पादन किया जाए। सफाई कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ मशीनों का पूर्ण उपयोग किया जाए ताकि परिणाम धरातल पर दिखाई दें। उन्होंने शहर में जलभराव की समस्या पर विशेष ध्यान देने को कहा। निर्देश दिए कि बरसात से पहले शहर के सभी नालों और नालियों की सफाई कराई जाए। जहां कहीं अतिक्रमण है, उसे तुरंत हटाया जाए ताकि पानी की निकासी में कोई बाधा न आए। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि बरसात के मौसम में कहीं से भी जलभराव की शिकायत नहीं आनी चाहिए और इसके लिए पंपिंग स्टेशनों की स्थिति भी पूरी तरह से सक्रिय रखी जाए। पेयजल व्यवस्था पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि गर्मियों में नागरिकों को पीने के पानी की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। शहर के जलाशयों, तालाबों और अन्य स्रोतों का सुंदरीकरण कराया जाए और इनका संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने यह कहा कि जलापूर्ति व्यवस्था को नियमित और निर्बाध बनाया जाए ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े। गौशालाओं में पल रही गायों को गर्मी के मौसम में चारा और पानी की कोई कमी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही उन्होंने शहर में किए गए पौधारोपण की स्थिति की समीक्षा करते हुए नक्षत्र पौधों और औषधीय पौधों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, उनकी देखभाल और सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है ताकि वे लंबे समय तक जीवित रहें और शहर के हरित वातावरण में योगदान दे सकें। स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उन्होंने पोर्टेबल कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन और मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर को पूरी क्षमता से संचालित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि शहर में किसी भी स्थान पर कूड़े का ढेर नहीं दिखना चाहिए और जहां गंदगी फैलाई जाती है, वहां जुर्माने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने अवैध होर्डिंग्स और बैनर को तत्काल हटाने तथा प्रचार-प्रसार के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के उपयोग को बढ़ावा देने के भी निर्देश दिए। उनका कहना था कि सार्वजनिक स्थलों पर सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता दी जाए ताकि शहर की सुंदरता और पहचान दोनों बनी रहे।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान नगर निगम की कार्यप्रणाली, योजनाओं और प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने वायु गुणवत्ता सुधार से जुड़े कार्यों, ई-गवर्नेंस, बॉयोडायवर्सिटी पार्क, मल्टीलेवल पार्किंग, उत्तरांचल भवन, पूर्वांचल भवन, डॉग केयर सेंटर जैसी योजनाओं पर प्रस्तुति दी। मंत्री ने विशेष रूप से बॉयोडायवर्सिटी पार्क में औषधीय पौधों की अधिकता और हरियाली बढ़ाने पर बल दिया। इसके अलावा, मंत्री ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को मौके पर निर्देश दिए। अंत में उन्होंने उत्कृष्ट कार्य कर रहे सफाई मित्रों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया और उन्हें ‘स्वच्छ गाजियाबाद’ के निर्माण में भागीदार बताया।

डिजिटल प्रचार-प्रसार और होर्डिंग हटाने के निर्देश
नागर विकास मंत्री ने अवैध होर्डिंग और बैनर को हटाने तथा प्रचार-प्रसार के लिए डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही शहर की सड़कों, वेंडिंग जोन और ट्रैफिक मैनेजमेंट को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
—————–
17.26 करोड़ की मशीन
-3 रोड स्वीपिंग मशीन
-5 एंटी स्मॉग गन
-8 बैकहो लोडर
-13 व्हील्ड स्किड लोडर
——————–
मानसून से पहले तैयारी के निर्देश
-सभी नाले-नालियों की समयबद्ध सफाई कराई जाए।
-जहां अतिक्रमण है, उसे तुरंत हटाया जाए।
-लो-लैंड क्षेत्रों में जल भराव की समस्या न हो, इसके लिए पंपिंग स्टेशन पूरी तरह सक्रिय रहें।