अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के पूर्व महामंत्री तरुण मिश्र ने अभिनेता और टीएमसी नेता शत्रुघ्न सिन्हा के बयान की निंदा की बोले अयोध्या में राम मंदिर जाने से होती है स्वर्ग की अनुभूति

अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के पूर्व महामंत्री एवं ब्राह्मण सेवक तरुण मिश्र ने अयोध्या पहुंचकर प्रभु श्री राम लाल के दर्शन किए। तरुण मिश्र ने कहा तृणमूल कांग्रेस सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने बयान दिया था कि अयोध्या में राम भक्तों की भीड़ कम हो रही है। अभिनेता का यह बयान कपोल कल्पना पर आधारित है और पूरी तरह से मिथ्या है। वास्तविक स्थिति को जानने के लिए शत्रुघ्न सिन्हा को अयोध्या का दौरा करना चाहिए। अयोध्या में भक्तों का तांता लगा हुआ है। रोजाना लाखों राम भक्त अयोध्या पहुंच रहे हैं।

उदय भूमि संवाददाता
अयोध्या
भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में भक्तों का तांता लगा हुआ है। श्रद्धालु जल्द से जल्द एक झलक रामलला की पाने को व्याकुल हैं। दर्शन की मनोकामना पूरी करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं। 22 जनवरी को रामलला भव्य मंदिर में विराजमान हुए हैं। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के साथ राम मंदिर का विधिवत उद्घाटन हो गया। अगले दिन से रामलला श्रद्धालुओं को दर्शन दे रहे हैं। श्रद्धालुओं की संख्या आए दिन लगातार बढ़ती जा रही है। रोजाना लाखों राम भक्त अयोध्या पहुंच रहे हैं। वहीं बुधवार को अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के पूर्व महामंत्री एवं ब्राह्मण सेवक तरुण मिश्र ने अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन किए। तरुण मिश्र ने कहा हाल ही में तृणमूल कांग्रेस सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने एक बयान दिया था। जिसमें उन्होंने अयोध्या में राम भक्तों की भीड़ कम होने की बात कही थी। हालांकि, स्थिति इससे बिल्कुल उलट है। वास्तविक स्थिति को जानने के लिए शत्रुघ्न सिन्हा को अयोध्या का दौरा करना चाहिए।

जिससे पता चल सकें कि वास्तविकता क्या है। भगवान राम का मंदिर किसी स्वर्ग से कम नहीं है। रामलला का दर्शन होना सबसे बड़ा सौभाग्य है। जिंदगी की सबसे बड़ी खुशी मिली है। रामलला के आगे शीश नवाने पर बरबस आंखों में आंसू आ गए। ऐसा लगता है कि रामलला भक्त से बात कर रहे हैं। उन्होंने दोबारा अयोध्या में रामलला का दर्शन करने की कामना की। इसके पश्चात हनुमानगढ़ी में पवन पुत्र बजरंगबली महाराज के दर्शन किए। उन्होंने बताया सालों तक रामलला के दर्शन की इच्छा दबाए रामभक्त अब राम मंदिर आ रहे हैं और अपने आराध्य श्रीराम का दर्शन कर रहे हैं। जिस बड़ी संख्या में राम भक्त अयोध्या पहुंच रहे हैं, वह अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।

अयोध्या राम मंदिर में रामलला का दर्शन करने हर दिन करीब 2.5 लाख राम भक्त आ रहे हैं। भारत या दुनिया के किसी भी धार्मिक स्थल पर श्रद्धालुओं के आने का यह एक रिकॉर्ड ही है। तरुण मिश्र ने कहा 6 दिसंबर को जब ढांचा ढह रहा था तब मैं उसको देख रहा था। मुझे उसी दिन लग रहा था कि इस मंदिर का निर्माण भव्य तरीके से होगा और सबसे बड़ी बात यह है कि भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने यह निर्णय किया कि गर्भगृह के स्थान पर मंदिर का निर्माण होगा और हुआ भी है। जब मंदिर का निर्माण हुआ है तो स्वाभाविक रूप से बहुत ही आनंद की अनुभूति हो रही है।