निकाय चुनाव में सभी सीटों पर फिर खिलेगा कमल: बृजेश पाठक

-उप मुख्यमंत्री ने चुनावी रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

गाजियाबाद। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव में सभी सीटों पर इस बार कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि 17 नगर निगमों में भाजपा के महापौर चुने जाएंगे। इसके साथ ही पार्षदों और नगर पालिका परिष व नगर पंचायत के चेयरमैन व सभासद सीटों पर अधिक से अधिक भाजपा के प्रत्याशी जीत सुनिश्चित कराएंगे। सोमवार को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक आरडीसी स्थित विधायक अजितपाल त्यागी के कैंप कार्यालय से चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत करने के लिए पहुंंचे थे। उन्होंने चुनावी रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि चुनाव का आज से बिगुल फूंक दिया गया है। इससे पहले उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की अनेक उपलब्धियां है। इसे जनता के बीच रखते हुए प्रचार करें। भाजपा प्रत्याशी चुनाव जीतेगा इस पर कोई संदेह नहीं है। सरकार ने जनहित में कार्य किए है। पूर्व की सरकारों में सिर्फ भाई-भतीजावाद का ही भला किया गया।

उन्होंने कहा कि मैं खुद गाजियाबाद में चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत करने के लिए आया हूं। इसलिए चुनाव में एकजुट होकर अधिक से अधिक प्रत्याशी विजयी बनाए। इस दौरान महापौर प्रत्याशी सुनीता दयाल ने उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को फूलों का गुलदस्ता भेंटकर उनका स्वागत किया। सुनीता दयाल ने कहा कि भाजपा संगठन ने जो जिम्मेदारी दी है उसका पूर्ण ईमानदारी के साथ निर्वहन करूंगी। जन्म से परिवार भाजपा से जुड़ा हुआ है। 40 साल भाजपा में कार्यकर्ता के रहते हुए काम किया। महापौर नहीं बल्कि कार्यकर्ता के रूप में बनकर काम करूंगी।कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहीं। मंच से लेकर अंदर पंडाल में अव्यवस्थाओं के चलते मंच पर बीच में कुर्सी डलवानी पड़ी। उप मुख्यमंत्री ने साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा को मंच पर बुलाया। उसके बाद वह मंच पर पहुंचे। मगर इनके मंच पर जाते ही अन्य कार्यकर्ताओं में तरह-तरह की चर्चाएं होनी शुरू हो गई। जिले के प्रभारी एवं समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरूण ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है।

ऐसे में सभी को टिकट मिलना मुनासिब नहीं है। दावेदारी करना सबका अधिकार है। जिन्हें अब प्रत्याशी बनाया गया है उन्हें मिलकर जीताना है। उन्होंने कहा कि आगे भी मौके आएंगे। कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इस दौरान राज्यमंत्री असीम अरूण, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, महापौर प्रत्याशी सुनीता दयाल, राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप, राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल, विधायक अजितपाल त्यागी, सुनील शर्मा, पूर्व महापौर आशु वर्मा, बलदेवराज शर्मा, निवर्तमान महापौर आशा शर्मा, पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर, केंद्रीय मंत्री की सुपुत्री मृणालिनी सिंह, महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष पूनम कौशिक, अनुज मित्तल, प्रदीप चौधरी, अश्वनी शर्मा, सचिन सोनी आदि सैकड़ों की संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।