मधुर भक्ति, एक भक्तिमय युवा महोत्सव का आयोजन

गाजियाबाद। साहिबाबाद स्थित राजेंद्र नगर में परम पूज्य नरेश भैया (श्रीमन नारदीय भगवत निकुंज) के तत्वाधान में शनिवार को अनंत विभूषित देवर्षि नारद महाराज के प्राकट्योत्सव के उपलक्ष्य में पूर्व वर्षो की भांति इस वर्ष भी मधुर भक्ति, एक भक्तिमय युवा महोत्सव का भव्यतम आयोजन किया गया। इस महोत्सव में युवा कृष्ण भक्तों के द्वारा भजन संकीर्तन के साथ-साथ, संत श्री गोस्वामी तुलसीदासजी महाराज के चरित्र का रोचक नाट्य मंचन, बाल भक्तों के द्वारा गीताजी के श्लोकए चौपाइयों का वाचन, भव्य संकीर्तन एवं नृत्य प्रस्तुत करके भक्तों को मन्त्र मुग्ध कर दिया।
मधुर महोत्सव में श्रीधाम वृन्दावन से पधारे संत परम पूज्य श्री अनिरुद्धाचार्यजी महाराज एवं पूज्य इंद्रेशजी महाराज का पावन सानिध्य एवं देश के विभिन्न हिस्सों से पधारे संतों के वाणी श्रवण एवं दर्शन का लाभ प्राप्त हुआ। मधुर महोत्सव में देश के अनेक प्रांतों से भक्तों ने पधारकर महोत्सव का लाभ उठाया। विदित हो की परम पूज्य नरेश भैया के तत्वाधान में शालीमार गार्डेन (गणेशपुरी), स्थित श्री राधामाधव मंदिर में युवान बालकों में अध्यात्मिक ज्ञान एवं संस्कार का सृजन किया जा रहा है।