गीतकार संतोष आनंद की माली हालत खराब

सिंगर नेहा कक्कड़ करेंगी 5 लाख की मदद

मुंबई। बॉलीवुड की मशहूर सिंगर नेहा कक्कड़ की दरियादिली का ताजा उदाहरण सामने आया है। आर्थिक तंगी का शिकार लोकप्रिय गीतकार संतोष आनंद को नेहा ने 5 लाख रुपए दान देने की घोषणा की है। गायिका के इस कदम की खूब प्रशंसा हो रही है। इसके पहले भी वह कई जरूरतमंदों की आर्थिक मदद कर चुकी हैं। जानकारी के अनुसार इंडियन आइडल के सेट पर संगीत निदेशक प्यारेलाल संग गीतकार संतोष आनंद पहुंचे थे। कार्यक्रम में संतोष आनंद ने अपनी आर्थिक तंगी के विषय में गायिका नेहा कक्कड़ को अवगत कराया था। संतोष ने कहा था कि वह आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हो गए हैं। उन पर काफी कर्ज है। संतोष आनंद की इस परेशान को जानने के बाद नेहा कक्कड़ बेहद भावुक हो गई थीं। उन्होंने अपनी तरफ से उन्हें 5 लाख रुपए दान देने का ऐलान किया। उन्होंने भारतीय मनोरंजन उद्योग से भी अपील की है कि वह संतोष आनंद को कुछ काम दें। इसके अलावा विशाल ददलानी ने भी संतोष से अपने कुछ गीत साझा करने को कहा। विशाल ने कहा कि वह इन गीतों को रिलीज करेंगे। नेहा ने संतोष के लिए एक प्यार का नगमा गीत भी गाया। बता दें कि पिछले वर्ष दिसंबर में नेहा कक्कड़ ने शांताबाई पवार उर्फ वॉरियर आजी को एक लाख रुपए दिए थे। शांताबाई का वीडियो सड़कों पर लाठी काठी परफार्म करते वायरल हो गया था। शांताबाई ने बताया था कि वह 10 अनाथ लड़कियों को सहारा बनी हैं। कई बार लॉकडाउन में ऐसी स्थिति बनी कि लड़कियों का पेट भरने को मैं खुद भूखी रही हूं। इसके पहले नेहा ने दमकल कर्मचारी बिपिन गनात्रा को 2 लाख रुपए की मदद देने का वादा किया था। बिपिन पिछले 4 दशक से आग बुझाने का काम करते आ रहे हैं। अब तक वह कई हजार नागरिकों की जान बचा चुके हैं। उन्हें पद्मश्री अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।