-मोदी-योगी के विजन को जमीन पर उतारते हुए महानगर अध्यक्ष ने पार्टी कार्यक्रमों को दिलाई नई ऊंचाई, कार्यकर्ताओं में भरा जोश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भाजपा के पूर्व महानगर संयोजक एवं उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व सदस्य सरदार एस.पी. सिंह ने भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल की कार्यशैली की खुलकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि मयंक गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राष्ट्रीय सोच और भाजपा की विचारधारा को धरातल पर उतारते हुए कार्यकर्ताओं को संगठित करने का उल्लेखनीय कार्य किया है। एस.पी. सिंह के अनुसार, विगत दो माह में महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी के कई बड़े कार्यक्रम बेहद सफलतापूर्वक आयोजित किए गए हैं, जिससे कार्यकर्ताओं का मनोबल और आत्मविश्वास दोनों बढ़ा है।
उन्होंने बताया कि 1 मई को एक राष्ट्र, एक चुनाव के संदर्भ में मानव श्रृंखला का निर्णय लिया गया था, लेकिन मयंक गोयल ने इसे नई दिशा देते हुए 10 मई को तिरंगा यात्रा का प्रस्ताव रखा। इसके पीछे उनकी सोच थी कि जनता में राष्ट्रीयता की भावना को और गहराई से स्थापित किया जाए। यह यात्रा बेहद सफल रही और ऑपरेशन सिंदूर के तहत देशभर में भाजपा द्वारा चलाई जा रही तिरंगा यात्राओं की भावना को नई ऊर्जा दी। महारानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर पार्टी नेतृत्व ने प्रदर्शनी लगाने का निर्देश दिया था। लेकिन महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने इसे आमजन तक पहुँचाने के लिए विशेष पहल करते हुए गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शनी लगवाई, जिसे हजारों यात्रियों ने देखा।
इसके अतिरिक्त कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, महापौर सुनीता दयाल और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ मिलकर ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुनकर कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। सरदार एस.पी. सिंह ने कहा कि अब तक जितने भी कार्यक्रम या संगठनात्मक आयाम शीर्ष नेतृत्व से महानगर को मिले हैं, मयंक गोयल ने उन्हें पूर्ण समर्पण के साथ सफल किया है। उन्होंने भरोसा जताया कि मयंक गोयल आने वाले समय में भी संगठन को सशक्त करते हुए पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाते रहेंगे।
















