महापौर ने डूंडाहेड़ा में तालाब की भूमि पर बन रहे मकान का रुकवाया निर्माण

गाजियाबाद। डूंडाहेड़ा गांव में तालाब की सरकारी जमीन पर बन रहे मकान का निर्माण कार्य सोमवार को महापौर सुनीता दयाल ने मौके पर जाकर बंद कराया। उन्होंने स्थानीय लोगों की शिकायत पर कार्रवाई कराई। महापौर ने तालाब की सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों को चेतावनी दी है। तालाबों पर कब्जा शहर के लिए घातक साबित होंगे। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि डूंडाहेड़ा गांव स्थित खसरा संख्या-583 राजस्व अभिलेखों में तालाब की भूमि दर्ज है। यह मोहल्ल सेन विहार विहार गली नंबर-4 के आखिर में है। तालाब पर कुछ लोग फर्जी दस्तावेज के आधार पर कब्जा कर मकान बना रहे थे। इसकी उन्हें शिकायत मिली थी। शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेकर नगर निगम अधिकारियों से वार्ता कर संपत्ति विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजा गया।

उन्होंने तालाब की जमीन पर किए गए जा रहे अवैध कब्जे और मकान का निर्माण कार्य बंद कराया। महापौर ने बताया कि शहर में कई जगह जमीन पर कब्जा कर लिया गया है। सभी जगह से जमीन कब्जा मुक्त कराई जाएगी। अवैध कब्जा करने वालों की सूची प्राप्त कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। महापौर ने बताया कि जिस प्रकार से शहर के लोग सरकारी भूमि को अपना समझकर तालाबों पर कब्जा कर रहे हैं। वह एक दिन लोगों के लिए घातक साबित होगा। पूर्व में भी कई जगह जमीन खाली कराई गई है। जमीन खाली कराने के बाद चारदीवारी या तारबंदी कराई जाएगी।