सैक्स स्कैंडल में फंसे मंत्री, एफआईआर दर्ज

महिला सिंगर ने बलात्कार का आरोप लगाया

मुंबई। उद्धव ठाकरे सरकार के सामाजिक न्याय मंत्री धनंजय मुंडे सैक्स स्कैंडल में फंस गए हैं। प्लेबैक सिंगर ने मंत्री धनंजय मुंडे पर बलात्कार का आरोप मढ़ा है। मंत्री ने इन आरोपों को खारिज कर खुद को बदनाम किए जाने की कोशिश बताया है। प्लेबैक सिंगर ने मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में सामाजिक न्याय मंत्री एवं एनसीपी नेता धनंजय मुंडे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला सिंगर ने मंत्री मुंडे पर साल 2006 से यौन शोषण करने का आरोप मढ़ा है। आरोप है कि बॉलीवुड में चांस दिलाने का झांसा देकर एनसीपी नेता ने जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे। महिला सिंगर ने शिकायत में कहा है कि साल 1998 में धनंजय मुंडे ने मेरी बहन के साथ प्रेम विवाह किया था। साल 2006 में मेरी बहन डिलीवरी के बाद इंदौर गई थी। उस दरम्यान मुंडे को मालूम था कि मैं घर पर अकेली हूं, तब वह बिना बताए रात को घर पर आए और मेरी इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए। शारीरिक संबंध बनाने के दौरान वीडियो भी बना लिया था। महिला सिंगर ने आरोप लगाया कि धनंजय मुंडे ने मुझसे कहा कि यदि तुम्हे गायिका बनना है तो मैं फिल्मी दुनिया के बड़े-बड़े निर्देशक और निर्माताओं से मिलाकर बॉलीवुड में लॉन्च करा दूंगा। इस बात का लालच देकर आरोपी ने जबरन मेरी इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध स्थापित किया और निरंतर यौन शोषण करता रहा। उधर, धनंजय मुंडे ने सोशल मीडिया पर अपनी सफाई दी है। उन्होंने कहा कि यह मुझे बदनाम और ब्लैकमेल करने का षडयंत्र है। धनंजय ने कहा कि पत्नी के अलावा एक दूसरी महिला के साथ 2003 से मेरे संबंध थे। यह बात मेरे परिवार और मेरी पत्नी को पता थी। सहमति के आधार पर बने इन संबंधों से मुझे एक लड़का और एक लड़की भी हैं। इन दोनों बच्चों को मैंने अपना नाम भी दिया है।