मॉडर्न कॉलेज में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 का भव्य आयोजन, छात्रों ने लिया ईमानदारी और पारदर्शिता का संकल्प

• दीप प्रज्वलन और शपथ ग्रहण से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ, विद्यार्थियों ने जीवन में अपनाने का लिया संकल्प
• प्रशिक्षक विकास कुमार ने सतर्कता और जिम्मेदारी के महत्व पर किया प्रकाश
• प्रश्नोत्तरी और भाषण प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई सजगता, विजेताओं को सम्मानित किया गया
• सचिव विनीत गोयल ने सतर्कता को जीवन शैली बनाने पर दिया संदेश, नैतिक जागरूकता और जिम्मेदारी पर बल
• महाविद्यालय के प्राचार्य, विभागाध्यक्ष और छात्रों की उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ कार्यक्रम

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आनंद औद्योगिक क्षेत्र स्थित मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, मोहन नगर में गुरुवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 के अंतर्गत सतर्कता हमारी साझा जिम्मेदारी विषय पर एक प्रेरणादायक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन कॉलेज के मतदाता साक्षरता क्लब तथा बालमर लॉरी एंड कम्पनी लिमिटेड, ओखला, नई दिल्ली (जो भारत सरकार के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अधीन एक सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम है) के संयुक्त तत्वाधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। इसके उपरांत उपस्थित सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को सतर्कता शपथ दिलाई गई, जिसमें सभी ने यह संकल्प लिया कि वे अपने जीवन के हर क्षेत्र में ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे। कार्यक्रम में  विकास कुमार, प्रबंधक (प्रचार), बालमर लॉरी एंड कम्पनी लिमिटेड ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के उद्देश्य और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सतर्कता केवल भ्रष्टाचार से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि यह एक जिम्मेदार नागरिक होने का प्रतीक है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने आचरण में ईमानदारी और निष्ठा को अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें। इसके पश्चात प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें कॉलेज के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने सतर्कता, नैतिकता और नागरिक जिम्मेदारियों से जुड़े प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी जानकारी और सजगता का परिचय दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दस विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इसके बाद भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसका विषय था – सतर्कता – हमारी साझा जिम्मेदारी। प्रतियोगिता हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में आयोजित हुई। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों के भाषणों का मूल्यांकन विषय की प्रस्तुति, भाषा की प्रभावशीलता और आत्मविश्वास के आधार पर किया गया। विजेताओं को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं दो सांत्वना पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के सचिव श्री विनीत गोयल ने कहा कि सतर्कता केवल एक सप्ताह मनाने की औपचारिकता नहीं, बल्कि यह हमारे जीवन की शैली होनी चाहिए। यदि हम अपने व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में ईमानदारी और पारदर्शिता को अपनाते हैं, तो हम एक बेहतर समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल विद्यार्थियों में नैतिक जागरूकता को बढ़ाते हैं, बल्कि उनमें कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी की भावना को भी सशक्त बनाते हैं। श्री गोयल ने विद्यार्थियों से यह भी कहा कि वे अपने दैनिक जीवन में अनुशासन, सत्यनिष्ठा और निष्ठापूर्वक कार्य करने की आदत विकसित करें, क्योंकि यही सच्ची सतर्कता का प्रतीक है।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ निशा सिंह, सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कॉलेज के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की टीम ने सफलतापूर्वक किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों और प्रतिभागियों को अल्पाहार प्रदान किया गया तथा कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह आयोजन न केवल सतर्कता और पारदर्शिता की भावना को मजबूत करता है, बल्कि समाज में ईमानदारी, निष्ठा और जनहित के प्रति समर्पण का संदेश भी देता है।