अवैध शराब के गढ़ हिंडन खादर में आबकारी टीम की रेड, हजारों लीटर लहन से भरे ड्रम को किया नष्ट

  • त्योहारी सीजन के बाद अवैध शराब के खिलाफ तेज कार्यवाही, शराब माफियाओं के ड्रम बरामद और नष्ट
  • अभियान का परिणाम और कानूनी कार्रवाई: दो अभियोग पंजीकृत, अवैध शराब मुक्त क्षेत्र बनाने का लक्ष्य
  • टीम की मेहनत और साहस की सराहना: जनसहयोग और रणनीति से अवैध गतिविधियों पर अंकुश
  • जागरूकता और निगरानी के साथ सुरक्षा: विभाग जनता को सक्रिय सहयोग के लिए प्रेरित कर रहा
  • हिंडन खादर में छिपाए गए हजारों लीटर लहन और अवैध शराब बरामद, भट्टी नष्ट की गई

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में त्योहारी सीजन की सफलता के बाद अब आबकारी विभाग की कार्यवाही और उसकी धार दोनों ही तेज दिखाई दे रही हैं। जिले में शराब माफियाओं की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग की टीम लगातार मुस्तैदी से काम कर रही है। विशेषकर हिंडन खादर क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ विभाग ने ऐसी कार्रवाई की है कि शराब माफियाओं की नींद उड़ी हुई है। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ जिले में सक्रिय अभियान चलाया है। उनका कहना है कि शराब माफियाओं के जाल को तोडऩे, उनके नेटवर्क को खंगालने और आम जनता में जागरूकता पैदा करने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब की समस्या केवल कानून के माध्यम से ही नहीं, बल्कि जनसहयोग के जरिए भी समाप्त की जा सकती है। इसलिए विभाग ने जनता के बीच जागरूकता फैलाने और उन्हें इस अभियान का हिस्सा बनाने पर विशेष ध्यान दिया है। अवैध शराब के निर्माण का गढ़ माना जाने वाला हिंडन खादर क्षेत्र इस बार भी आबकारी विभाग के निशाने पर था। त्योहारी सीजन के बाद विभाग ने शराब माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए जंगलों और झाडिय़ों में छिपाए गए अवैध शराब के ड्रमों को बरामद किया। आबकारी निरीक्षक अनुज वर्मा की टीम ने थाना लोनी के अंतर्गत भूपखेडी और थाना मुरादनगर के अंतर्गत मथुरापुर एवं शमशेरपुर में दबिश दी।

दबिश के दौरान झाडिय़ों और जंगलों में छिपाकर रखे गए 10 बड़े और एक छोटे ड्रम, जिनमें कुल 1600 किलोग्राम लहन भरी हुई थी, बरामद किए गए। इसके अलावा 60 लीटर अवैध कच्ची शराब भी जब्त की गई। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट किया गया। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई में शराब माफियाओं को करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। विभाग की इस कार्रवाई में यह स्पष्ट हुआ कि शराब माफियाओं ने ड्रमों को छिपाने के लिए पूरी तैयारी कर रखी थी, लेकिन आबकारी अधिकारियों की टीम ने अपनी जान की परवाह किए बिना कई किलोमीटर लंबी दूरी तय कर उन्हें खोज निकाला। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की यह कार्रवाई न केवल अवैध शराब के निर्माताओं और तस्करों के लिए चेतावनी है, बल्कि यह जिले के नागरिकों के लिए भी संदेश है कि प्रशासन और जनता मिलकर शराब माफियाओं के जाल को तोड़ सकते हैं। संजय कुमार प्रथम और उनकी टीम की तत्परता, साहस और रणनीतिक कार्यवाही ने यह साबित कर दिया कि जब प्रशासन और जनता एकजुट होकर काम करें, तो अवैध गतिविधियों का सफाया करना संभव है। इस अभियान के चलते अब हिंडन खादर क्षेत्र और आसपास के इलाके धीरे-धीरे अवैध शराब मुक्त क्षेत्र बनते जा रहे हैं।

इस कार्रवाई के तहत आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत दो अभियोग पंजीकृत किए गए। अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल शराब बरामद करना नहीं, बल्कि हिंडन खादर और आसपास के क्षेत्रों को अवैध शराब मुक्त क्षेत्र बनाना है। इसके साथ ही आम जनता में जागरूकता फैलाना भी अभियान का मुख्य उद्देश्य है। जिले में आबकारी विभाग की इस कार्रवाई का सबसे बड़ा असर यह है कि अब लोग खुद अवैध शराब से संबंधित जानकारी और शिकायतें विभाग को देने लगे हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि जनता विभाग के अभियान में सहयोग करने के लिए तैयार है और शराब माफियाओं का काम मुश्किल होता जा रहा है।

टीम की मेहनत और साहस की सराहना
आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम और उनकी टीम की मेहनत, साहस और रणनीति को लेकर स्थानीय लोग और प्रशासन दोनों ही प्रशंसा कर रहे हैं। विभाग की टीम ने यह साबित किया कि सही दिशा, योजना और जनता का सहयोग होने पर अवैध गतिविधियों को पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है। विभाग की टीम ने अपने अभियान में यह भी दिखाया कि त्योहारी सीजन में होने वाली शराब की अवैध बिक्री और निर्माण पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सकता है। संजय कुमार प्रथम ने कहा कि शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान को निरंतर जारी रखा जाएगा और उनके नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग दें, ताकि जिले का वातावरण सुरक्षित, स्वच्छ और स्वस्थ बना रहे।

जागरूकता और निगरानी के साथ सुरक्षा
विभाग ने न केवल अवैध शराब बरामद की, बल्कि लोगों को जागरूक करने और शराब माफियाओं के खिलाफ सतर्क रहने के लिए भी निर्देश दिए। अधिकारी क्षेत्र में जाकर लोगों को अवैध शराब के दुष्परिणामों के बारे में बताते हैं और उन्हें यह संदेश देते हैं कि शराब माफियाओं की सूचना देने में कोई संकोच न करें। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने कहा कि विभाग की टीम ने अवैध शराब के गढ़ हिंडन खादर में यह कार्रवाई इसलिए की ताकि लोगों को यह दिखाया जा सके कि कानून की आंख हर जगह है और किसी भी हाल में शराब माफिया सुरक्षित नहीं रह सकते। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा और जनसहयोग ही इस लड़ाई में सबसे बड़ा हथियार है। हिंडन खादर में इस कार्रवाई ने यह साबित कर दिया कि आबकारी विभाग सख्त, सतर्क और सक्रिय होकर अवैध शराब के खिलाफ लगातार मोर्चा संभाले हुए है। इससे शराब माफियाओं में डर का माहौल बन गया है और आम जनता में यह विश्वास पैदा हुआ है कि विभाग उनकी सुरक्षा और कानून के पालन के लिए प्रतिबद्ध है।