-रात में बेहतर तरीके से सफाई व्यवस्था रखे जारी: डॉ. नितिन गौड़
गाजियाबाद। शहर में रात में सफाई व्यवस्था बेहतर तरीके से जारी रखने के साथ कूड़े का निस्तारण तत्काल किया जाए। नगर आयुक्त की सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे सुबह, शाम और रात तक में सफाई व्यवस्था को देखने के लिए शहर का निरीक्षण कर रहे हैं। लापरवाही होने पर तत्काल नगर निगम के अधिकारियों को सूचना देते हैं और संबंधित पर कार्रवाई करने के लिए कहते हैं। इतना ही नहीं दिए गए निर्देशों पर क्या कार्रवाई की गई, इसकी जानकारी भी अधिकारियों से ले रहे हैं।

गुरुवार की रात में नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने वार्ड-19 पटेलनगर एवं पुराना बस अड्डा क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने रात में निरीक्षण करते हुए मौके पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार को रात में सफाई व्यवस्था जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई का जायजा लेने के बाद रात में नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने पटेल नगर प्रथम में गीता संजय पार्क का जायजा लिया। पार्क अवस्थति होने पर इसकी साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। पार्क में क्षेत्र के लोगों ने गेट बदलवाने की मांग की। इसके बाद उन्होंने शौचालय का निरीक्षण किया।
शौचालय में गंदगी देख इसकी बेहतर तरीके से सफाई कराने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त को मौके पर मिले कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति लग्न से सफाई करने के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं, क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर करने के लिए मांग की गई। नगर आयुक्त रोजाना शहर में कराए जा रहे कार्यों से लेकर सफाई व्यवस्था को लेकर निरीक्षण कर रहे है। ताकि शहर में सफाई व्यवस्था बेहतर करने के साथ कूड़े का बेहतर ढंग से निस्तारण कराया जा सकें।
















