सीवर संकट का स्थायी समाधान शुरू, 13 जगह बदली जा रही हैं पुरानी लाइनें, पार्षदों ने किए कार्यों का शुभारंभ

-नगर निगम, जलकल विभाग और वी.ए. टेक वाबेग की संयुक्त पहल से 2100 मीटर लाइन बदली जा रही
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम क्षेत्र में सीवर समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम, जलकल विभाग, जल निगम और वी. ए. टेक वाबेग की संयुक्त टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और महापौर सुनीता दयाल के मार्गदर्शन में नगर की विभिन्न कॉलोनियों और वार्डों में पुरानी और क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों को हटाकर नई लाइनें बिछाई जा रही हैं। इस अभियान के अंतर्गत वर्तमान में 13 स्थानों पर लगभग 2100 मीटर सीवर लाइन बदली जा रही है, जिससे लंबे समय से सीवर जाम और ओवरफ्लो की समस्या झेल रहे नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इस कार्य में मंगलवार को क्षेत्रीय पार्षदों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण रही है। कई स्थानों पर लाइन रिप्लेसमेंट कार्य का विधिवत उद्घाटन पार्षदों द्वारा किया गया है, और उनकी निगरानी में ही कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो रहा है। स्थानीय नागरिकों ने इन प्रयासों को लेकर संतोष जताया है और नगर निगम की पहल की सराहना की है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि बीते कुछ महीनों से शहर के कई हिस्सों में सीवर समस्या गंभीर होती जा रही थी। इसे देखते हुए जलकल, जल निगम और वी. ए. टेक वाबेग को संयुक्त रूप से जनहित में काम करने के निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों के फलस्वरूप सीवर लाइनों की मरम्मत और बदलने का कार्य पूरे शहर में तेज़ी से चल रहा है, जिसमें प्रोजेक्ट मैनेजर अनुज त्रिपाठी की देखरेख में टीम लगातार काम कर रही है। महाप्रबंधक जल ने भी जानकारी दी कि सीवर रिप्लेसमेंट कार्य शहर के अलग-अलग ज़ोन जैसे सिटी, विजयनगर, मोहन नगर और वसुंधरा में चल रहा है। जहां एक ओर कुछ स्थानों पर काम पूरा होने के करीब है, वहीं कुछ जगहों पर कार्य का आरंभिक चरण चल रहा है। कार्य के दौरान आवश्यक तकनीकी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है और पूरे कार्य की निगरानी अधिकारीगण स्वयं कर रहे हैं।
पार्षद शीतल देओल और पार्षद मदन राय जैसे जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लाइन रिप्लेसमेंट का शुभारंभ किया और जनता को भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में क्षेत्र की सीवर समस्या पूरी तरह से समाप्त हो जाएगी।
नगर निगम की इस सक्रियता के चलते गाजियाबाद वासियों को जहां राहत की उम्मीद जगी है, वहीं जनप्रतिनिधियों और नगर प्रशासन के प्रति विश्वास भी बढ़ा है। नागरिकों ने नगर निगम टीम का आभार जताते हुए इसे लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में एक ठोस कदम बताया है। नगर आयुक्त ने यह भी कहा कि आने वाले समय में शहर की हर छोटी-बड़ी सीवर समस्या को प्राथमिकता पर हल किया जाएगा और नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाएगा।