ईद उल अजहा से पूर्व नगर आयुक्त ने लिया शहर की मस्जिदों का जायजा

ईद-उल-अजहा पर्व पर मस्जिदों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था रहेगी पुख्ता: नगर आयुक्त

गाजियाबाद। मुस्लिम समुदाय के ईद-उल-अजहा का पर्व आज शहर में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराए जाने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था से लेकर साफ-सफाई आदि व्यवस्था पुख्ता रहेगी। बुधवार को नगर आयुक्त डॉ.नितिन गौड़ एवं डीसीपी नगर निपुण अग्रवाल ने बकरीद से पूर्व नगर निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी आदि के साथ शहर की मस्जिदों का जायजा लिया। नगर आयुक्त ने मस्जिदों के आसपास प्रकाश व्यवस्था,साफ-सफाई एवं जल की व्यवस्था को देखा। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारी को मौके पर ही व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त एवं डीसीपी ने क्षेत्र के पूर्व पार्षद जाकिर अली सैफी,पूर्व पार्षद आसिफ खान आदि के साथ निरीक्षण किया।

नगर निगम के सभी पांचों जोन क्षेत्र स्थित मस्जिदों एवं ईदगाह पर नगर आयुक्त पहुंचे। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान जोनल प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र की मस्जिदों पर व्यवस्था पुख्ता करने के लिए निरीक्षण करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने वार्ड-95 के पूर्व पार्षद जाकिर अली सैफी के साथ मस्जिद का दौरा किया।पार्षद रुखसाना सैफी मौजूद रहीं। वार्ड-48 मिर्जापुर के पूर्व पार्षद आसिफ  खान के साथ ईदगाह का जायजा लिया। महापौर सुनीता दयाल व नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ के निर्देश पर ईद-उल-अजहा पर्व से पूर्व मस्जिदों व ईदगाह के आसपास सफाई व्यवस्था दुरूस्त कराई जा रही है।

मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में विशेष रूप से निगम द्वारा सफाई अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त ने मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में जाकर वहां के लोगों को ईद की मुबारक वाद दी। कुर्बानी के स्थलों पर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील भी की गई। उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए कि कुर्बानी के उपरांत अवशेष का निस्तारण सही तरीके से कराया जाए। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। खुले में कुर्बानी न करें। नगर निगम पूर्व की भांति इस वर्ष भी सभी व्यवस्थाओं के साथ अपनी भूमिका निभा रहा है, जो कि सराहनीय है।