नगर आयुक्त ने किया रैन बसेरा का निरीक्षण, व्यवस्थाओं को देख अधिकारियों को बोला गुड

-लगातार रैन बसेरों पर बनाएं रखे व्यवस्था, न रहे कोई कमी: विक्रमादित्य सिंह मलिक

गाजियाबाद। रात में जैसे जैसे ठंड बढ़ने लगी है, नगर निगम ने सड़कों पर सोने वाले बेघरों को रैन बसेरों में ले जाए जाने का अभियान तेज कर दिया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शुक्रवार रात को अपने मातहतों के साथ नगर निगम के पांचो जोन में रैन बसेरे, अलाव और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। कौशांबी, विजयनगर, पुराना बस अड्डा एवं मोहन नगर के रैन बसेरों में ठहरे आश्रितों से बातचीत की व उनका हाल जाना। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त के साथ अन्य संबंधित निगम के अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिनसे व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। शेल्टर होम पर मनोरंजन के लिए एलईडी भी लगाई गई है।

जिसके माध्यम से आश्रितों द्वारा अच्छा समय व्यतीत किया जा रहा है। ठंड से बचाव के लिए बिस्तरों की व्यवस्था व सुरक्षा की दृष्टि से कैमरे व गार्ड की व्यवस्था की गई है। जिसको देख नगर आयुक्त ने उपस्थित अधिकारियों के कार्यों की प्रशंसा की। लगातार व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी निर्देश दिए। सहारनपुर से आए हुए मनोज से नगर आयुक्त ने वार्ता की और व्यवस्थाओं का हाल जाना। जिस पर आश्रय स्थल पर ठहरने वाले अन्य आश्रितों ने भी व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त द्वारा एंट्री रजिस्टर की भी जांच की गई। फागिंग एवं सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर करने के लिए नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए।

कोई ना सोए सड़कों पर जोनल प्रभारी रखें ध्यान
शहर में कई स्थानों पर शेल्टर होम की जानकारी के लिए बड़े-बड़े होर्डिंग भी लगवाए गए हैं। नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार क्षेत्र में रात्रि के समय जोनल प्रभारियों के माध्यम से अनाउंसमेंट भी किया जा रहा है। सड़कों पर सोने वाले निराश्रितों से अपील भी की जा रही है कि वह सड़कों पर ना सोए बल्कि अपने पास की शेल्टर होम में आसरा लेकर ठंड से बचाव करें, ठंड से बचाव के लिए अलाव की व्यवस्था सभी शेल्टर होम पर प्रतिदिन की जा रही है। साथ ही नगर आयुक्त ने लोगों से अपील की है कि सड़कों पर सोने वाले बेघरों को दान न दें, ऐसा कर वे इन बेघरों का भला कर सकेंगे। दरअसल लोग सड़कों पर सोने वालों को दान करते हैं जिसके कारण बेघर रैन बसेरों में नहीं जाते हैं और सड़कों पर सोते हैं। उन्होंने कहा कि लोग रैन बसेरों में आकर बेघरों को दान दे सकते हैें। निरीक्षण के दौरान मौके पर अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश कुमार, नजारत प्रभारी डॉक्टर अनुज कुमार सिंह, जोनल प्रभारी एसके राय व अन्य टीम उपस्थिति रही।