नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग अधिकारियों की ली बैठक

-आंतरिक वार्डों में चल रहे विकास कार्यों को पूरा करने के निर्देश
-तैयार अगणनो पर सदन के निर्णय उपरांत ही कार्य की होगी शुरुआत: नगर आयुक्त

गाजियाबाद। शहर के विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के लिए बुधवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निर्माण विभाग की टीम के साथ बैठक की। बैठक में आंतरिक वार्डों में चल रहे कार्यों की रफ्तार बढ़ाने, कार्यों को गुणवत्ता पूर्वक निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने, वर्क आर्डर जारी होने के उपरांत भी कार्य प्रारंभ करने में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित फर्म और ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य अभियंता निर्माण एन के चौधरी व अधिशासी अभियंता सहायक अभियंता सहित निर्माण की समस्त टीम उपस्थित रही। सभी जोन के सुपरवाइजर और अवर अभियंता भी बैठक में उपस्थित रहे।

नगर आयुक्त द्वारा बैठक में उपस्थित जनों को ऐसे कार्य जिनका आगणन तैयार किया जा चुका है, उन पर सदन के निर्णय उपरांत ही आगे बढ़ाने के लिए निर्देश दिए। मुख्य अभियंता निर्माण को चल रहे कार्यों की मॉनिटरिंग प्रबल करने के लिए कहा गया। साथ ही आंतरिक वार्डों में विकास कार्य रफ्तार से पूरे हो कार्य योजना बनाने के लिए भी निर्देश दिए। सभी वार्डों में चल रहे कार्यों की रिपोर्ट भी देखी गई। निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण हो इस विषय पर जोर देने के लिए समस्त सहायक अभियंता निर्माण और अधिशासी अभियंता निर्माण को विशेष रूप से निर्देश दिए।

पार्षदों से समन्वय करते हुए चल रहे निर्माण कार्यों पर निरीक्षण करने के लिए भी बैठक में निर्देश दिए गए। ऐसे फर्म और ठेकेदार जिनके द्वारा वर्क आर्डर जारी होने के बाद भी अभी तक कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है उन पर कड़ी कार्यवाही करते हुए ब्लैक लिस्ट करने के लिए भी निर्देश दिए। नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार निर्माण विभाग द्वारा वार्ड कोटे के कार्य अधिकांश पूर्ण हो गए हैं। शेष कार्यों को रफ्तार देने के लिए बैठक में टीम को निर्देश जारी किए गए।