-नियाल के सीईओ डॉ अरुण वीर सिंह की अगुवाई में सिविल एविएशन का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट ले रहा है मूर्त रूप
-नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का रनवे बनकर तैयार हो चुका, एटीसी बिल्डिंग भी एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को सौंपी गई
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नियाल) के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह की अगुवाई में देश का सबसे बड़ा एविएशन सेक्टर का प्रोजेक्ट मूर्त रूप ले रहा है। नोएडा एयरपोर्ट का रनवे बनकर तैयार हो गया है। वह उड़ान भरने के लिए तैयार है। जबकि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को सौंप दिया गया है। जल्द ही इसका काम भी पूरा हो जाएगा।
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट नोएडा एयरपोर्ट मूर्त रूप ले रहा है। एयरपोर्ट का पहला चरण 1334 हेक्टेयर में पूरा होगा। पहले चरण में अभी एक रनवे, एटीसी और टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है। रनवे का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वह उड़ान भरने के लिए तैयार है। इस रनवे की लंबाई 2900 मीटर है जबकि 60 मीटर चौड़ा है। इस रनवे का निर्माण अत्याधुनिक तकनीक के जरिए किया गया है। इसके निर्माण के समय पर तकनीकी टीमें इसका निरीक्षण करती रही है। विकासकर्ता कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड ने अब निर्माण कार्य पूरा होने की जानकारी दी है।
एटीसी टावर का काम पूरा
एटीसी बिल्डिंग का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसको एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को सौप दिया गया है। एटीसी टावर की ऊंचाई 38 मीटर है। यह सात मंजिल है। इसका संचालन एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ही करेगा। इसी के जरिए उड़ानों की जानकारी, समय, दिशा समेत तमाम तकनीकी जानकारी मिलेगी। अब इसमें उपकरण लगाए जाएंगे। समय पर इसका भी काम पूरा होने की उम्मीद है।
टर्मिनल बिल्डिंग भी पूरा होने के करीब
नोएडा एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग का काम भी अंतिम चरण में है। स्ट्रक्चर पहले ही बन चुका था। अब फिनिशिंग का काम चल रहा है। टर्मिनल बिल्डिंग में भारतीय संस्कृति की झलक दिखेगी। टर्मिनल बिल्डिंग में आंगन दिखेगा। बनारस के गंगा घाटों की भी झलक दिखेगी। इसको इस तरह से डिजाइन किया गया है यहां आने वाला हर यात्री भारतीय धरोहर की झांकी देख सकेगा।

















